गजब! पंजाब में रोडवेज बस ही चुरा ले गए चोर, 21 KM दूर ईंटों पर टिकी मिली; चारों टायर और बैटरियां गायब

8.9kViews
1473 Shares

लुधियाना में चोरों ने बस चोरी की ऐसी वारदात को अंजाम दिया, जो किसी फिल्मी सीन से कम नहीं है। बस स्टैंड डिपो के सामने पार्किंग में खड़ी पीआरटीसी की टाप माडल बस को चोर उड़ा ले गए।

अगले दिन बस शहर से करीब 21 किलोमीटर दूर ढट्ट गांव के पास ईंटों के सहारे खड़ी मिली। चोर बस के टायर, दोनों बैटरियां और अन्य कीमती सामान निकालकर ले गए। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है।

बस चालक के मुताबिक, 28 अगस्त की रात करीब 12:30 बजे एक बोलेरो पिकअप पार्किंग के पास आकर रुकी। इसमें सात से आठ लोग सवार थे। आरोपी करीब दो घंटे तक वहां बैठे रहे और रेकी करते रहे।

तारें तोड़कर स्टार्ट की बस

इसके बाद उन्होंने बस के स्टार्टिंग स्विच की तारें तोड़कर वायरिंग के जरिए बस को डायरेक्ट स्टार्ट किया और लेकर फरार हो गए। चालक के अनुसार, बस को इस तरह स्टार्ट करने के लिए उसके सिस्टम और वायरिंग की तकनीकी जानकारी होना जरूरी है।अगली सुबह यानी 29 अगस्त को करीब 7:30 बजे चालक ड्यूटी पर पहुंचा तो बस गायब मिली। तलाश के दौरान बस चौकीमान टोल प्लाजा से करीब दो किलोमीटर पीछे ढट्ट गांव के पास मिली। चोरों ने बस को ईंटों पर खड़ा कर उसके टायर और बैटरियां निकाल ली थीं। सबूत मिटाने के लिए बस में लगे सीसीटीवी कैमरे भी तोड़कर ले गए।

मामले की जांच में जुटी पुलिस

वारदात के बाद पीआरटीसी स्टाफ थाना नंबर पांच पहुंचा। लेकिन किसी ने उसकी सुनवाई नहीं की । पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज से बोलेरो पिकअप का नंबर पता चल गया है। मामले की जांच जारी है, लेकिन अभी किसी आरोपित की गिरफ्तारी नहीं हुई है। नुकसान करीब सात से आठ लाख रुपये बताया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *