मां को मनोना धाम (बरेली) ले जाने के बहाने बेटी ने प्रेमी के साथ मिलकर ऐसी साजिश रची, जिसका अंत मां की हत्या के साथ हुआ। आरोप है कि प्रेमी ने मां को बातों में उलझाए रखा और कार में पीछे बैठी बेटी ने चाकू से उनका गला काट दिया।
पुलिस ने 24 घंटे के अंदर खोल दी गुत्थी
मंगलवार को गंगनहर किनारे बरामद शव की गुत्थी पुलिस ने 24 घंटे के अंदर खोल दी। महिला की हत्या उसकी ही बेटी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर की थी। मंगलौर कोतवाली में पत्रकारों से बातचीत में एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि मंगलवार सुबह मंगलौर में पुराने गंगनहर पुल के किनारे एक महिला (42) का शव बरामद हुआ था। पुलिस ने अपने मोबाइल ग्रुप पर उत्तर प्रदेश और आसपास के थानों में महिला का फोटो भेजकर शव की शिनाख्त के प्रयास किए थे। शव की शिनाख्त मूलरूप से ग्राम ओली माजरा थाना बुढ़ाना, मुजफ्फरनगर और हाल निवासी नटेशपुरम (मेरठ) निवासी अरविंद पंवार की पत्नी कविता (42) के रूप में की।
पूछताछ में महिला के पति अरविंद ने पुलिस को बताया कि वह एक फैक्ट्री में नौकरी करता है। 17 अगस्त को जब वे ड्यूटी से लौटे तो उसे पत्नी और बेटी उन्नति (20) घर से गायब मिली। पत्नी का फोन नहीं लगा तो उन्होंने बेटी को फोन किया। बेटी ने बताया कि वह मां को लेकर कार से अपने प्रेमी आकाश चौहान निवासी ग्राम दूल्हेड़ा, थाना पल्लवपुरम, मेरठ के साथ मनोना धाम (बरेली) जा रही है।
अरविंद ने बेटी और उसके प्रेमी पर हत्या कर शव फेंकने का आरोप लगाया। पुलिस ने इसके बाद अरविंद की तहरीर पर उनकी बेटी और प्रेमी आकाश चौहान पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया। मंगलौर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक भगवान महर आरोपितों की तलाश में लग गए।
पुलिस ने मंगलवार को ही देर रात लक्सर रोड से ब्रेजा कार सवार प्रेमी युगल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने कार से अंदर से ही खून से सना चाकू बरामद किया। कार की सीटें भी खून से सनी मिली। एसपी देहात ने पूछताछ में प्रेमी युगल ने बताया कि कविता ने उन्नति पर सख्ती करनी शुरू कर दी थी।
कविता ने इंटर में पढ़ने वाली बेटी का स्कूल जाना बंद करा दिया था। जबकि प्रेमी आकाश भी नटेशपुर में किराये पर कमरा लेकर रहने लगा था। पूछताछ में उन्होंने बताया कि वे दोनों कविता को 17 अगस्त को मनोना धाम ले जाने के बहाने घर से ले गए थे। दोनों ने कविता को मेरठ में एक मंदिर के दर्शन भी कराए और इसके बाद वहां से निकल गए।
कुछ आगे आने पर कार में पीछे बैठी उन्नति ने मां का गला काटकर हत्या कर दी। हत्या के बाद दोनों के कपड़े खून से सन गए। इसके बाद वह मेरठ के एक मार्ट में पहुंचे और वहां से नए कपड़े खरीदे। कपड़े बदलने के बाद वह शव लेकर रात को ही हरिद्वार की तरफ निकल गए। मंगलौर पहुंचते हुए अलसुबह होने को थी। करीब सुबह चार बजकर 40 मिनट पर शव से बदबू भी आने लगी थी। जिसके बाद आननफानन में मंगलौर पहुंचने पर आरोपितों ने शव को गंग नहर किनारे झाड़ियों में फेंक दिया और फरार हो गए।
एसपी देहात ने बताया कि उन्नति और उसके प्रेमी के बीच प्रेम संबंध को मां कविता पसंद नहीं करती थी। वह कई बार इसे लेकर विरोध भी जता चुकी थी। इसके चलते ही प्रेमी युगल ने हत्या का अंजाम दिया। एसपी देहात ने बताया कि पहले भी बेटी ने अपनी मां को मौत के घाट उतारने की धमकी दी थी। एसपी देहात ने बताया कि आरोपितों को पकड़ने वाली पुलिस टीम को इनाम की संस्तति की है।
दो साल के प्यार की खातिर कर दिया मां के विश्वास का कत्ल
रुड़की: उन्नति ने दो साल पुराने प्यार के लिए मां के विश्वास का कत्ल कर दिया। उन्नति और आकाश कक्षा दस से साथ-साथ पढ़ाई कर रहे थे। प्रेमी आकाश ने उन्नति के घर के पास ही किराये पर कमरा लिया था। दोनों के बीच नजदीकी बढ़ने पर कविता ने बेटी के स्कूल जाने पर रोक लगा दी। मां कविता दोनों के रिश्ते का विरोध भी करती थी। बेटी ने मां को धमकी भी दी कि वह उन दोनों के बीच में न आए।
20 दिन पहले दोनों ने बनाई थी हत्या की योजना
पूछताछ में सामने आया कि करीब 20 दिन पहले दोनों ने कविता की हत्या की योजना बनाई थी। आकाश और उन्नति दोनों शादी करना चाहते थे। दोनों की बिरादरी अलग थी। इसलिए कविता इसका विरोध कर रही थी। कविता की अरविंद से दूसरी शादी थी। जब करीब 20 दिन पहले कविता ने उन्नति का स्कूल जाना बंद कर दिया तो दोनों ने मिलकर हत्या करने का निर्णय लिया।
शव ठिकाना लगाने का गढ़ बना मंगलौर गंग नहर क्षेत्र
मंगलौर: मंगलौर गंगनहर क्षेत्र शव ठिकाने लगाना का मुफिद ठिकाना बन गया है। जुलाई में मुरादाबाद की महिला की हत्या कर मंगलौर गंग नहर क्षेत्र में फेंकने की बात सामने आई थी। वहीं, बहादराबाद क्षेत्र निवासी एक युवती की भी हत्या कर मंगलौर क्षेत्र में शव फेंका गया था।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

