उत्तराखंड में ईद मिलाद उल नवी पर्व पर उमड़े मुस्लिम समाज के लोग, कुमाऊं से गढ़वाल तक जुलूस

1237 Shares

जश्ने ईद मिलाद उल नबी के मुबारक मौके पर उमस भरी गर्मी के बीच मुस्लिम समाज के लोगो ने बड़ी संख्या में अकीदत के साथ जुलूस निकाला। जुलूस में उमड़ी भीड़ जोशो खरोश से लबरेज थी।

मुख्य गेट पर आकर्षक सजावट

खटीमा में पर्व को लेकर जामा मस्जिद, भूड़ महोलिया सितारगंज रोड एवं टनकपुर मार्ग व गौटिया जाने वाले मुख्य गेट पर आकर्षक सजावट की गई थी।

मुस्लिम समुदाय के लोग बड़ी संख्या में बुधवार को इस्लामनगर स्थित नूरी मस्जिद में एकत्र हुए। जहां से जुलूस पूरे जोशो खरोश के साथ निकाला गया। मस्जिद से जुलूस शुुरु होकर इस्लामनगर गौटिया होता हुआ नगर के विभिन्न मार्गों से जामा मस्जिद पहुंचा। इससे पूर्व मुख्य चौक पर मुस्लिम उलेमाओं ने तकरीर की। जिसमें मौलाना इरफानुल हक कादरी ने कहा कि समाज के लोगों को नबी पाक के बताए रास्ते पर चलना चाहिए। जो अमन व शांति का रास्ता है। नबी पाक की उम्र 63 साल थी। जिसमें 40 साल की उम्र में नबी होने का ऐलान किया।नबी 13 साल मक्का व 10 साल मदीने में रहे। मात्र 23 वर्ष में उन्होंने इस्लाम धर्म को विश्व भर में फैला दिया। इस दौरान मुल्क व प्रदेश में शांति की दुआ की गई। जुलूस को लेकर मुस्लिम समुदाय के लोगों मे खासा उत्साह रहा। इस दौरान जुलूस में आला हजरत जिंदाबाद जिंदाबाद, सरकार की आमद मारहबा नारे लगाते हुए जुलूस निकाला।इस मौके पर जुलुसे मोहम्मदी कमेटी के सदर नासिर खान, मौलाना फरियाद आलम, मौलाना अब्दुल वासित, हाफिज सराफत, जामा मस्जिद कमेटी प्रशासक कामिल खान, गुड्ड़ प्रधान, राशिद अंसारी, असलम अंसारी, गुलफाम अली, नजमुल हसन, इकबाल अहमद, जाहिद मंसूरी, छोटे मंसूरी, नईम रिजवी, पप्पू अली, जुनैद सिद्दीकी, आसिफ अंसारी, मुशाहिद खान, सैयद मिराज अली, मो.ताहिर, अराफात अंसारी आदि शामिल थे।खटीमा में निकल गए जुलूसे मोहम्मदी का विभिन्न मार्गों पर लोगों ने भविष्य स्वागत किया। पूर्व सभासद रशीद अंसारी ने मुख्य चौक सितारगंज रोड पर जुलूस में शामिल लोगों को ठंडा पानी व खीर वितरितकी। इसके अलावा अन्य मार्गों पर भी लोगों ने ठंडा पानी वितरित किया।

पुलिस प्रशासन जुलूस को लेकर बेहद संवेदनशील बना हुआ था। इसी के चलते नगर को आने वाले बड़े वाहनों को बाइपास से डायवर्ड किया था। जिस कारण शहर में जाम की समस्या पैदा नहीं हुई। वहीं कोतवाल कमल कुमार लुंठी, एसएसआई के सी आर्य, चौकी प्रभारी जीवन सिंह, 17 मिल पुलिस चौकी प्रभारी एसआई किशोर पंत, चकरपुर पुलिस चौकी प्रभारी विकास कुमार, उप निरीक्षक भूपेंद्र रसवाल,विजय बोहरा दलबल के साथ जुलूस में डटे रहे।

सरकार की आमद मरहबा नारों के साथ रामनगर में निकला जुलूसे मोहम्मदी

रामनगर: जुलूसे मोहम्मदी पर नगर में भी जुलूस निकाला गया। इस्लाम धर्म के प्रवर्तक हजरत मुहम्मद साहब के जन्मदिवस के मौके पर जश्ने ईद मिलादुल नबी के अवसर पर मुस्लिम समुदाय के हजारों लोग जुलूस मौहम्मदी में शामिल हुए। बुधवार सुबह आठ बजे से नज्जारान मस्जिद भवानीगंज से शुरू हुआ जुलूस मोहल्ला गुलरघटटी, बंबाघेर, रानीखेत रोड, खताड़ी व मुख्य बाजार होते हुए जामा मस्जिद पर जाकर समाप्त हुआ।

जामा मस्जिद में शहर पेश ईमाम मुफ्ती गुलाम मुस्तफा नईमी ने हजरत मुहम्मद साहब के बताये गये रास्तों पर चलने पर जोर देते हुए मुल्क व कौम की तरक्की के लिये दुआ की। इस मौके पर विभिन्न कमेटियों, सामजिक संगठन ने जुलूस का स्वागत किया। इससे पूर्व मंगलवार रात में मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्रों में गलियों व सड़कों को फूलों व बिजली की रोशनी से आकर्षक रूप से सजाया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *