जम्मू के गांधीनगर अस्पताल में अचानक पहुंचे डिप्टी सीएम, अव्यवस्थाओं पर जताई कड़ी नाराजगी

1358 Shares

गांधीनगर अस्पताल में सुविधाओं की कमी की शिकायतों के बाद उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी ने शनिवार को अस्पताल का निरीक्षण किया। इस उन्होंने सीटी स्कैन में हो रही देरी और नर्सिंग छात्राओं को बाहर बिठाने पर अस्पताल प्रबंधन को फटकार लगाई।

उपमुख्यमंत्री ने अस्पताल में इमरजेंसी और अन्य भागों का निरीक्षण किया। उन्होंने मरीजों और उनके तीमारदारों से बातचीत की। जब उन्होंने सीटी स्कैन, अल्ट्रासाउंड और अन्य टेस्ट के लिए बाहर बैठे मरीजों से समय पर टेस्ट होने के बारे में पूछा, तो मरीजों ने बताया कि इसमें काफी समय लग रहा है।इस पर उपमुख्यमंत्री ने चिकित्सा अधीक्षक को निर्देश दिए कि मरीजों को कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए और टेस्ट समय पर किए जाएं। अस्पताल की रिसेप्शन पर नर्सिंग छात्रा को देखकर उपमुख्यमंत्री ने सवाल किया कि उन्हें वहां क्यों बिठाया गया है।

चिकित्सा अधीक्षक ने बताया कि छात्राओं को मरीजों को गाइड करने के लिए रखा गया है। इस पर उपमुख्यमंत्री ने सख्त निर्देश दिए कि कल से कोई भी छात्र-छात्रा रिसेप्शन पर नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि छात्राओं को पढ़ाई के लिए भेजा गया है, इसलिए उन्हें पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करने दिया जाए।

छात्राओं के स्थान पर सुरक्षा कर्मियों को तैनात करने का निर्देश दिया गया। उपमुख्यमंत्री ने अस्पतालों में डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों पर मरीजों और तीमारदारों के साथ उचित व्यवहार न करने के आरोपों पर कहा कि सभी अपना काम कर रहे हैं।

उन्होंने पूरे अस्पताल का निरीक्षण किया और कहा कि काम का बोझ होने के बावजूद सभी कर्मचारी मेहनत कर रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे थोड़ा धैर्य रखें और डॉक्टरों तथा पैरामेडिकल स्टाफ से अच्छे से बात करें।

उन्होंने यह भी कहा कि नेशनल कांफ्रेंस सरकार के गठन के बाद अस्पतालों में सुधार हुआ है और सफाई व्यवस्था में भी काफी बदलाव आया है। स्वास्थ्य मंत्री सकीना इट्टू ने इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *