हिमाचल प्रदेश की प्रसिद्ध श्री मणिमहेश यात्रा-2026 के लिए हेलीकॉप्टर सेवा 25 अगस्त से शुरू हो जाएगी। यात्रा के दौरान 20 सितंबर तक हेली टैक्सी सेवाएं संचालित की जानी प्रस्तावित हैं। 75 किलोग्राम से अधिक वजन होने पर यात्री को 100 रुपये प्रति किलो की दर से अतिरिक्त शुल्क चेक-इन काउंटर पर चुकाना होगा। प्रत्येक यात्री को अधिकतम 5 किलोग्राम वजन का केवल एक बैग ले जाने की छूट होगी।
2 वर्ष से कम आयु के बच्चे अभिभावक की गोद में निशशुल्क यात्रा कर सकेंगे, जिसके लिए जन्म प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा। हेलीकॉप्टर के भीतर और हेलीपैड पर हवाई फोटोग्राफी पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
अनुमति मिलना बाकी
हेली टैक्सी सेवा नागर विमानन महानिदेशालय और स्थानीय प्रशासन से श्री मणिमहेश ट्रस्ट को अनुमति मिलने के बाद ही विधिवत आरंभ होंगी। डीजीसीए की टीम की ओर से हेलीकॉप्टर की तकनीकी स्थिति तथा भरमौर, होली व गौरीकुंड हेलीपैड की जमीनी सुरक्षा व्यवस्था का व्यापक निरीक्षण करने के बाद ही उड़ानों पर अंतिम फैसला लिया जाएगा। अनुमति न मिलने की स्थिति में यात्रियों को बेस किराये का शत-प्रतिशत रिफंड दिया जाएगा।
इस पोर्टल से होगी ऑनलाइन बुकिंग
प्रशासन के अनुसार हेलीकॉप्टर सेवा के लिए टिकटों की बुकिंग केवल आधिकारिक वेबसाइट manimaheshyatra.hp.gov.in के माध्यम से होगी। किसी भी अनाधिकृत माध्यम से की गई बुकिंग अमान्य होगी। विशेष परिस्थितियों में केवल गौरीकुंड से भरमौर की एकतरफा वापसी के लिए गौरीकुंड हेलीपैड पर ऑफलाइन टिकट जारी किया जा सकता है। फर्जी या डुप्लीकेट टिकट पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति को सुरक्षा एजेंसियों के हवाले किया जाएगा।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

