जमुई में स्वतंत्रता दिवस पर प्रभारी मंत्री संजय सिंह ने फहराया तिरंगा; बोले- नक्सलवाद के ठप्पे से मुक्त हुआ हमारा जिला

4.0kViews
1616 Shares

 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पूरा जमुई जिला राष्ट्रभक्ति और उल्लास के रंग में सराबोर नजर आया। जिला प्रशासन की ओर से मुख्य राजकीय समारोह श्रीकृष्ण सिंह स्टेडियम में आयोजित किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि बिहार सरकार के लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (PHED) के मंत्री सह जमुई जिला प्रभारी मंत्री संजय कुमार सिंह ने नियत समय पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया और तिरंगे को सलामी दी।

ध्वजारोहण से पूर्व प्रभारी मंत्री ने जिला पुलिस, महिला पुलिस, बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस (BSAP), अर्धसैनिक बल, सीसीटीएनएस तथा भारत स्काउट-गाइड की सजी-धजी टुकड़ियों की भव्य परेड का निरीक्षण किया और सलामी ली। इसके उपरांत सामूहिक राष्ट्रगान के साथ मुख्य समारोह आगे बढ़ा।

एनडीए सरकार की दृढ़ इच्छाशक्ति से नक्सलवाद से मुक्त हुआ जमुई: मंत्री

जिलेवासियों को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री संजय कुमार सिंह ने कहा कि एनडीए सरकार के अटूट संकल्प और दृढ़ इच्छाशक्ति का ही प्रतिफल है कि जमुई आज नक्सलवाद के अंधेरे से बाहर निकलकर विकास की मुख्यधारा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। जमुई के माथे से नक्सल प्रभावित जिले का कलंक मिटना सरकार की ऐतिहासिक उपलब्धि है।उन्होंने कहा कि सरकार किसान, युवा, महिला, दलित, पिछड़े और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है। ‘जल-जीवन-हरियाली’ अभियान के तहत सिंचाई क्षेत्र का विस्तार हुआ है। वहीं, स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड और ‘जीविका’ के माध्यम से महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बन रही हैं।

आधा दर्जन भूमिहीनों को वासगीत पर्चा व लाभुकों को मिले चेक

समारोह के दौरान प्रभारी मंत्री ने समाज कल्याण और राजस्व विभाग की योजनाओं के तहत आधा दर्जन से अधिक भूमिहीन परिवारों को वासगीत पर्चा वितरित किया। इसके अतिरिक्त विभिन्न सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं के चयनित लाभुकों को मंच से सांकेतिक रूप से अनुदान व सहायता राशि के चेक प्रदान किए गए।

इस दौरान जिलाधिकारी (डीएम) नवीन, पुलिस अधीक्षक (एसपी) विश्वजीत दयाल, डीएफओ तेजस जायसवाल, उप विकास आयुक्त (डीडीसी) सुभाष चंद्र मंडल, एडीएम रविकांत सिन्हा, एसडीओ सौरभ कुमार सहित सभी वरीय प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

न्यायालय, कलेक्ट्रेट व दफ्तरों में शान से लहराया राष्ट्रीय ध्वज

मुख्य समारोह के अतिरिक्त जिले के सभी सरकारी व गैर-सरकारी कार्यालयों में भी शान से तिरंगा लहराया:

  • व्यवहार न्यायालय: प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश संदीप कुमार सिंह ने किया झंडोत्तोलन।

  • समाहरणालय परिसर: डीएम नवीन ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया।

  • पुलिस लाइन: एसपी विश्वजीत दयाल ने जवानों को सलामी दी।

  • अन्य कार्यालय: वन प्रमंडल में डीएफओ तेजस जायसवाल, जिला परिषद में अध्यक्ष दुलारी देवी, अनुमंडल में एसडीओ सौरभ कुमार, सदर अस्पताल में सीएस डॉ. अशोक कुमार सिंह, सूचना भवन में डीपीआरओ डॉ. मेनका कुमारी, नगर परिषद में अध्यक्ष अब्दुल हलीम और केकेएम कॉलेज में प्राचार्य कंचन गुप्ता ने ध्वजारोहण किया।

  • राजनीतिक दल: भाजपा कार्यालय में जिलाध्यक्ष दुर्गा प्रसाद केसरी, कांग्रेस में धर्मेंद्र पासवान, जदयू में शैलेंद्र महतो, राजद में त्रिवेणी यादव, लोजपा (रा) में जीवन सिंह और भाकपा में गजाधर रजक ने तिरंगा फहराकर अमर शहीदों को नमन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *