हिंदी सिनेमा की वेटरन एक्ट्रेस वहीदा रहमान को लेकर अहम खबर सामने आ रही है। अभिनेता मनोज बाजपेयी की महात्मा गांधी के जीवन पर आधारित आने वाली फिल्म में वहीदा की एंट्री हो गई है और वह पर्दे पर बापू की मां पुतलीबाई का किरदार निभाती दिखेंगी।
वहीदा जैसी अनुभवी अभिनेत्री के साथ काम करने को लेकर निर्देशक सुधीर भी काफी उत्साहित हैं। उनका कहना है- मुझे यह बताते हुए बहुत खुशी हो रही है कि वहीदा जी इस प्रोजेक्ट का हिस्सा बनने जा रही हैं। उनकी प्यासा, साहिब बीबी और गुलाम, कागज के फूल और गाइड जैसी फिल्मों से मेरा बहुत गहरा और व्यक्तिगत जुड़ाव रहा है।
मैं ये फिल्में देखते हुए बड़ा हुआ हूं। मुझे अभी भी विश्वास नहीं हो रहा है कि इन मशहूर फिल्मों की अभिनेत्री अब मेरे निर्देशन में बन रहे प्रोजेक्ट का हिस्सा बनने जा रही हैं। यह मेरे लिए बहुत सम्मान की बात है।
दादासाहेब फाल्के पुरस्कार विजेता हैं वहीदा
वहीदा रहमान के शानदार करियर पर नजर डालें तो उन्हें भारत के सबसे बड़े नागरिक सम्मान ‘दादा साहब फाल्के अवॉर्ड’ से सम्मानित किये जाने के अलावा उनकी फिल्म ‘रेशमा और शेरा’ (1971) में शानदार एक्टिंग के लिए ‘बेस्ट एक्ट्रेस’ का नेशनल फिल्म अवॉर्ड भी दिया जा चुका है। वहीदा रहमान ने इंडस्ट्री को ‘गाइड’, ‘प्यासा’, ‘कागज के फूल’, ‘तीसरी कसम’ और ‘खामोशी’ जैसी सदाबहार फिल्मों की सौगात दी है।
कब रिलीज होगी फिल्म
गौर किया जाए मनोज बाजपेयी और वहीदा रहमान की इस हिस्टोरिकल ड्रामा फिल्म की रिलीज डेट के बारे में तो अभी मेकर्स की तरफ से इस मामले का आधिकारिक एलान नहीं किया गया है। लेकिन मीडिया रिपोर्ट्स में ये दावा किया जा रहा है कि ये मूवी अगले साल 2027 तक सिनेमाघरों में प्रदर्शित की जा सकती है।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

