पठानकोट-मंडी फोरलेन: घट्टा से नारला के बीच पुरानी अलाइनमेंट में हो निर्माण, 43 पंचायतों की NHAI को चेतावनी

3.7kViews
1228 Shares

पठानकोट-मंडी फोरलेन परियोजना के तहत घट्टा से नारला क्षेत्र के बीच निर्माण में हो रहे विलंब और प्रस्तावित अलाइनमेंट में संभावित बदलावों को लेकर स्थानीय लोगों का गुस्सा भड़क उठा है। शनिवार को घटासनी स्थित माता श्री जालपा मंदिर परिसर में फोरलेन संघर्ष समिति के बैनर तले 43 पंचायतों के प्रतिनिधियों, प्रभावित भूमि मालिकों और व्यापारियों ने एकत्र होकर प्रदर्शन किया।

2018 की स्वीकृत डीपीआर में ही हो निर्माण

संघर्ष समिति की बैठक में सर्वसम्मति से फैसला लिया गया कि भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) द्वारा घट्टा से पद्धर तक वर्ष 2018 में जो डीपीआर और अलाइनमेंट स्वीकृत किया गया था, उसी के आधार पर सड़क का निर्माण किया जाए।

मूल योजना से छेड़छाड़ की तो खोलेंगे मोर्चा

समिति ने दो टूक चेतावनी दी कि यदि एनएचएआइ ने मूल योजना से कोई छेड़छाड़ की, तो पैकेज चार (चौंतड़ा से नारला) के तहत बड़ा मोर्चा खोला जाएगा। जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए यदि जरूरत पड़ी तो न्यायालय का दरवाजा खटखटाने से भी पीछे नहीं हटा जाएगा।

73वें संविधान संशोधन का हवाला देकर अधिकारियों को घेरेंगे

संघर्ष समिति के प्रतिनिधियों ने कहा कि स्थानीय पंचायतों की आवाज दबाई जा रही है। जल्द ही जिलाधीश, मंडलायुक्त, क्षेत्रीय व केंद्रीय अधिकारियों को इस संबंध में ज्ञापन सौंपा जाएगा। इसमें भारतीय संविधान के 73वें संशोधन के तहत पंचायती राज संस्थाओं और स्थानीय जनता के अधिकारों को ध्यान में रखते हुए निर्णय लेने की मांग की जाएगी।

निरंतर बनाए रखेंगे आंदोलन

आंदोलन को निरंतर बनाए रखने के लिए तय हुआ कि हर महीने के दूसरे शनिवार को बैठक होगी, जिसमें प्रत्येक पंचायत से एक प्रतिनिधि अनिवार्य रूप से भाग लेगा। बैठक में नारला से बिजली तक फोरलेन सड़क को बरसात से हुए भारी नुकसान पर चिंता जताई गई।

कोटरोपी में हुए मरम्मत कार्य पर उठाए सवाल

समिति ने कोटरोपी में दो-तीन महीने पहले किए गए सड़क मरम्मत कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए किसी स्वतंत्र एजेंसी से निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। इस प्रदर्शन में समिति के अध्यक्ष व सचिव कृपाल सिंह, सुनील डोगरा, कोषाध्यक्ष शरद सिंह, सेवानिवृत्त अधिशाषी अभियंता उत्तम सिंह चौहान समेत सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *