जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ चल रहे छात्रों के आंदोलन को शुक्रवार को ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन की वर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा का नैतिक समर्थन मिला।
नेहा बोरा धरना स्थल पहुंचीं और आंदोलनरत छात्रों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं व मांगों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि छात्रों की मांगें पूरी तरह जायज हैं और सरकार को उनकी बात गंभीरता से सुननी चाहिए।
नेहा बोरा ने कहा कि लंबे समय से छात्र अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे हैं। ऐसे में उनकी आवाज को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ विद्यार्थियों का मुद्दा नहीं, बल्कि राज्य के युवाओं के भविष्य और शिक्षा व्यवस्था से जुड़ा गंभीर विषय है।
धरना दे रहे छात्रों का हौसला बढ़ाया
इस दौरान विधानसभा घेराव को लेकर भी चर्चा हुई। नेहा बोरा ने छात्रों से समर्थन की अपील की, लेकिन आंदोलनरत छात्रों ने स्पष्ट किया कि उनका आंदोलन पूरी तरह गैर-राजनीतिक है। नेहा ने धरना दे रहे छात्रों, देवेंद्र महतो से भी बात कर हौसला बढ़ाया।उन्होंने कहा कि वे किसी भी राजनीतिक कार्यक्रम में शामिल नहीं होंगे। छात्रों ने बताया कि उनका अपना विधानसभा घेराव कार्यक्रम 10 अगस्त को निर्धारित है और उसी के तहत वे अपनी मांगों को सरकार तक पहुंचाएंगे।
जिसके बाद नेहा अपने संगठन के साथ विधानसभा घेराव के लिए निकल गईं। छात्रों ने दोहराया कि उनका उद्देश्य केवल प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता, कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई सुनिश्चित कराना है।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

