इस्लामी तालीम के प्रमुख केंद्र दारुल उलूम देवबंद ने कांवड़ यात्रा के मद्देनजर मदरसा छात्रों को अनावश्यक यात्रा न करने की हिदायत दी है।
साथ ही बाजार, हाइवे और उन स्थानों पर जाने पर रोक लगाई है, जहां से कांवड़ियों का आना जाना रहता है। प्रबंधन ने छात्रों से आदेशों का सख्ती से पालन करने को कहा है।
दारुल उलूम देवबंद के छात्रावास प्रभारी अशरफ अब्बास ने जारी आदेश में कहा कि छात्र कांवड़ यात्रा के दौरान विशेष सावधानी बरतें। बाजार, स्टेट हाइवे और तमाम उन स्थानों पर जाने से बचें, जहां से कांवडिय़ों का गुजरना होता है। इतना ही नहीं अनावश्यक यात्रा से भी बचें।
कहा कि सूर्यास्त के बाद किसी भी छात्र को बिना पहचान पत्र दिखाए परिसर में प्रवेश करने नहीं दिया जाएगा। इसके अलावा छात्रों को मल्टीमीडिया मोबाइल का प्रयोग करते हुए पकड़े जाने पर संस्था से निष्कासन की चेतावनी भी दी गई है।
कहा कि छात्र शिक्षा हासिल करने के लिए अपना घर परिवार छोडक़र यहां आए हैं, इसलिए वह पढ़ाई पर ही ध्यान केंद्रित रखें और अपने धार्मिक कर्तव्यों के प्रति पूरी तरह गंभीर रहें।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

