पटना जिले के गौरीचक थाना क्षेत्र में मंगलवार की देर शाम जमीन कारोबारी की हत्या की सुपारी लेकर पहुंचे तीन में से दो हथियारबंद अपराधियों को ग्रामीणों ने दबोच लिया।
आक्रोशित भीड़ ने दोनों को पीट-पीटकर अधमरा कर दिया। अस्पताल ले जाते ही उसने दम तोड़ दिया। दूसरे की हालत नाजुक बनी हुई है। मृतक की पहचान तरेगना निवासी सूरज कुमार जबकि घायल की विवेक कुमार के रूप में हुई है।
बाइक से पहुंचे थे तीन अप
डीएसपी टू रंजन कुमार के अनुसार, मसौढ़ी निवासी नीतीश कुमार ने जमीन के लेनदेन के विवाद में गौरीचक थाना क्षेत्र के लक्ष्मीचक निवासी जमीन कारोबारी सुरेश कुमार की हत्या की सुपारी दी थी।
इसके बाद मसौढ़ी से तीन अपराधी हथियार से बाइक से मंगलवार की देर शाम लक्ष्मीचक पहुंचे। उस समय सुरेश कुमार अपने समर्थकों और स्थानीय लोगों के साथ बैठे थे।
लोगों को देखकर अपराधियों की हिम्मत गोली मारने की नहीं हुई, लेकिन उनलोगों ने दहशत फैलाने की नीयत से ताबड़तोड़ पांच से छह राउंड फायरिंग कर दी।
गोलियों की आवाज से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मची, लेकिन लोग जान बचाकर भागने के बजाय अपराधियों के पीछे दौड़ पड़े।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ग्रामीणों ने शोर मचाते हुए तीनों बदमाशों का कई किलोमीटर तक पीछा किया।
कई किलोमीटर पीछा कर दबोचे दो अपराधी
गौरीचक और परसा बाजार थाना क्षेत्र की सीमा पर धमौल गांव के पास अपराधियों की बाइक असंतुलित हो गई। इसी दौरान दो बदमाश लोगों के हत्थे चढ़ गए।
भीड़ का गुस्सा इस कदर फूटा कि दोनों की लाठी-डंडों और लात-घूंसों से जमकर पिटाई कर दी गई। देखते ही देखते दोनों अधमरे हो गए, जबकि उनका तीसरा साथी मौके से फरार हो गया।
सूचना पर गौरीचक थाना पुलिस पहुंची और भीड़ के चंगुल से दोनों घायलों को निकालकर अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने घटनास्थल से हथियार और अन्य सामान बरामद किए हैं।
प्रारंभिक जांच में हत्या की सुपारी और जमीन विवाद का मामला सामने आया है। फरार तीसरे आरोपी तथा सुपारी देने के आरोपी नीतीश कुमार की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

