बेटिकट यात्री लुटा रहे पैसे: सोनपुर रेल मंडल में चार माह में 2.88 लाख पकड़े गए, रेलवे ने वसूले 21.64 करोड़

8.0kViews
1535 Shares

 सोनपुर रेल मंडल में बेटिकट और अनियमित तरीके से यात्रा करने वाले यात्रियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष टिकट जांच अभियान में चार माह के दौरान बड़ी संख्या में मामले सामने आए हैं।

अप्रैल से जुलाई 2026 तक मंडल के विभिन्न स्टेशनों और ट्रेनों में जांच के दौरान 2 लाख 88 हजार 274 यात्रियों को पकड़ा गया। इनसे किराया और जुर्माने के रूप में रेलवे ने 21 करोड़ 64 लाख 8 हजार 564 रुपये की वसूली की।

रेलवे की ओर से बिना टिकट, अनियमित टिकट और बिना उचित प्राधिकरण के यात्रा करने वाले यात्रियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की गई। सोनपुर, हाजीपुर, बरौनी, बेगूसराय, मानसी, खगड़िया, शाहपुर पटोरी, दलसिंहसराय और नवगछिया समेत प्रमुख स्टेशनों पर विशेष जांच अभियान चलाया गया।

इसके अलावा मेल, एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनों में भी टिकटों की सघन जांच की गई। अभियान में टिकट जांच कर्मचारियों के साथ आरपीएफ और वाणिज्य विभाग की टीमों ने भी भाग लिया।

रेलवे के आंकड़ों के अनुसार अप्रैल में 50,321 मामले पकड़े गए, जिनसे 3 करोड़ 18 लाख 61 हजार 550 रुपये की वसूली हुई। मई में सबसे अधिक 1,01,895 मामले सामने आए और 6 करोड़ 40 लाख 73 हजार 940 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ।

जून में 72,867 मामलों से 5 करोड़ 91 लाख 9 हजार 872 रुपये तथा जुलाई में 63,191 मामलों से 6 करोड़ 13 लाख 63 हजार 202 रुपये की वसूली की गई।

चार माह के आंकड़ों में मई सबसे अधिक कार्रवाई और राजस्व वाला महीना रहा। हालांकि जुलाई में मामलों की संख्या घटकर 63,191 रह गई, फिर भी रेलवे ने 6.13 करोड़ रुपये से अधिक का राजस्व अर्जित किया।

रेलवे अधिकारियों का कहना है कि टिकट जांच अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगा ताकि बेटिकट यात्रा पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

सोनपुर रेल मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक धीरज कुमार ने यात्रियों से अपील की है कि वे बिना टिकट या अनियमित टिकट पर यात्रा करने से बचें। उन्होंने कहा कि विभिन्न स्टेशनों और ट्रेनों में लगातार टिकट जांच अभियान चलाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि यात्रा से पहले वैध टिकट लेकर सफर करने से यात्रियों को अनावश्यक परेशानी से बचने के साथ रेलवे के राजस्व की भी सुरक्षा सुनिश्चित होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *