पुणे से जर्नलिज्म, अमेरिका से मास्टर्स… जानिए कौन हैं कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके
नई दिल्ली: हाल के दिनों में सोशल मीडिया और छात्र आंदोलनों के बीच चर्चा का केंद्र बनी कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके हैं। CJP खुद को एक व्यंग्यात्मक (Satirical) डिजिटल राजनीतिक अभियान के रूप में प्रस्तुत करती है, जो शिक्षा, रोजगार और युवाओं से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाता है।
अभिजीत दीपके मूल रूप से महाराष्ट्र से हैं। उन्होंने पुणे से पत्रकारिता (जर्नलिज्म) में स्नातक की पढ़ाई की। इसके बाद उच्च शिक्षा के लिए अमेरिका गए, जहां उन्होंने बोस्टन यूनिवर्सिटी (Boston University) से पब्लिक रिलेशंस (Public Relations) में मास्टर्स की डिग्री हासिल की।
पेशेवर जीवन में अभिजीत दीपके पॉलिटिकल कम्युनिकेशन स्ट्रैटेजिस्ट के रूप में कार्य कर चुके हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, वे पहले आम आदमी पार्टी (AAP) से भी जुड़े रहे और राजनीतिक संचार व सोशल मीडिया रणनीति से संबंधित जिम्मेदारियां निभा चुके हैं।
बताया जाता है कि कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की शुरुआत एक सोशल मीडिया व्यंग्य अभियान के तौर पर हुई थी। बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े एक मुद्दे पर की गई टिप्पणी के जवाब में अभिजीत दीपके ने “कॉकरोच” प्रतीक के साथ डिजिटल अभियान शुरू किया। देखते ही देखते यह अभियान सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और बड़ी संख्या में युवाओं का समर्थन मिलने लगा। बाद में इसे युवाओं की आवाज़ उठाने वाले एक डिजिटल मंच के रूप में विस्तार दिया गया।
हाल के समय में CJP छात्र आंदोलनों और शिक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, संगठन ने जंतर-मंतर पर चल रहे अपने आंदोलन को समाप्त करने की घोषणा करते हुए कहा कि वह आगे भी देशभर में युवाओं के हितों और शिक्षा संबंधी मुद्दों को उठाता रहेगा।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

