समाजवादी पार्टी कानपुर महानगर ने मंगलवार को फूलबाग स्थित गांधी प्रतिमा पर विभिन्न मुद्दों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। महानगर अध्यक्ष हाजी फजल महमूद के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन के दौरान प्रशासन द्वारा गांधी प्रतिमा परिसर का गेट बंद कर ताला लगाए जाने के बावजूद सपा कार्यकर्ता बारिश में धरने पर डटे रहे और नारेबाजी करते हुए विरोध जताया। बाद में पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने एसीपी कोतवाली अमित कुमार पांडेय को ज्ञापन देकर अपनी मांगें रखीं।
ज्ञापन में मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय के खिलाफ की जा रही कार्रवाई रोकने, विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की निष्पक्ष जांच कराने, प्रदर्शनकारी छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज के जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई तथा कानपुर की नागरिक समस्याओं के त्वरित समाधान की मांग की गई।
व्यवस्थाओं का भी मुद्दा उठाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ग्रिड योजना के तहत कई स्थानों पर सड़कों की खुदाई के बाद मरम्मत नहीं होने से बारिश में हालात और खराब हो गए हैं। जलभराव, सीवर ओवरफ्लो, ट्रैफिक जाम, बिजली कटौती, टूटी पेयजल लाइनें और बढ़ती गंदगी से आम नागरिक परेशान हैं, जबकि जाजमऊ केडीए मार्केट सहित कई बाजारों में व्यापार प्रभावित हो रहा है।
सपा ने प्रशासन से मांग की कि खुदी हुई सड़कों की तत्काल मरम्मत कराई जाए, जलभराव वाले क्षेत्रों में फागिंग कराई जाए और बिजली-पानी सहित सभी मूलभूत सुविधाएं जल्द बहाल की जाएं। पार्टी ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो जनता के साथ मिलकर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
प्रदर्शन में पार्टी के महानगर वरिष्ठ उपाध्यक्ष शैलेंद्र यादव मिन्टू, महासचिव संजय सिंह बंटी सेंगर, नंदलाल जयसवाल, के के शुक्ला, एहसान खान, समीर सोनकर, फखरे आलम, महेन्द्र सिह, इशरत इराकी, मुमताज मंसूरी, शादाब आलम, दीपक खोटे, अर्पित त्रिवेदी, शिवकुमार बाल्मिक, सुलेखा यादव, के के मिश्र और अनूप मौजूद रहे।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

