बाजार के ‘देसी घी’ में मिलावट की आशंका, कंजक पूजन का प्रसाद खाते ही 3 बच्चियों की बिगड़ी तबीयत

3.8kViews
1517 Shares

 गांव तिहाड़ा में नवरात्र के समापन पर कंजक पूजन के दौरान प्रसाद खाने से तीन बच्चियों की तबीयत बिगड़ गई। प्रसाद ग्रहण करने के कुछ ही देर बाद बच्चियों को चक्कर आने लगे और उल्टियां होने लगीं।

स्वजन ने तीनों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के बाद उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। प्रसाद बनाने के लिए बावल के बाजार से देसी घी खरीदा गया था। बच्चियों की तबीयत बिगड़ने के बाद स्वजन ने घी में मिलावट होने की आशंका जताई है। हालांकि, घी में मिलावट की पुष्टि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।जानकारी के अनुसार, मूल रूप से रोहतक जिले के गांव खेड़ारी के रहने वेाले सतीश फिलहाल गांव तिहाड़ा में रहकर मजदूरी करते हैं। सोमवार को उसने नवरात्र के उपलक्ष्य में आसपास की कन्याओं को बुलाकर भोज कराया था।

प्रसाद खाने के बाद 3 बच्चे बीमार

प्रसाद खाने के कुछ देर बाद सतीश की छह वर्षीय बेटी लीला, पड़ोस की 12 वर्षीय सानिया और डेढ़ वर्षीय साबया की तबीयत अचानक बिगड़ गई। बच्चियों को चक्कर आने के साथ लगातार उल्टियां होने लगीं। इससे स्वजन घबरा गए और उन्हें उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे।

स्वजन के अनुसार, कन्या पूजन का प्रसाद तैयार करने के लिए बावल के बाजार से आधा किलो देसी घी खरीदा गया था। इसके बाद पीड़ित सतीश ने दुकानदार के विरुद्ध बावल थाना पुलिस एवं खाद्य सुरक्षा विभाग को शिकायत दी है।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी संदीप वर्मा ने बताया कि घी के सेंपल लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जाएंगे। रिपोर्ट से पता चल सकेगा कि घी में किसी तरह की मिलावट थी या बच्चियों की तबीयत बिगड़ने की कोई दूसरी वजह रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *