अयोध्या में खेल प्रतिभाओं को लगेंगे पंख, 6 करोड़ की लागत से बनेगा हाईटेक मिनी स्टेडियम

 स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व. राम अभिलाख शर्मा के नाम पर रुदौली ब्लॉक के ग्राम पारा पहाड़पुर में मिनी स्टेडियम का निर्माण होगा। इसके लिए भूमि भी चिह्नित कर ली गई है। खेलो इंडिया राष्ट्रीय खेल विकास कार्यक्रम योजना के तहत लगभग छह करोड़ नौ लाख रुपये से इस मिनी स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा।

वर्ष 2020 में इसका प्रस्ताव तत्कालीन सांसद लल्लू सिंह ने खेल मंत्रालय तथा अन्य विभागों को भेजा था। इसके बाद विधायक रामचंद्र यादव ने वर्ष 2024 में मुख्यमंत्री को प्रस्ताव भेजा। गांव निवासी व सामाजिक कार्यकर्ता अमित शर्मा भी इसके लिए प्रयासरत रहे।

शासन से वित्तीय स्वीकृति मिलते ही शुरू होगा स्टेडियम का निर्माण

वह भी स्टेडियम की स्थापना के लिए खेल मंत्रालय को कई बार पत्राचार कर चुके हैं। स्टेडियम के निर्माण के लिए शासन से हरी झंडी मिल गई है। गांव में खेल मैदान के लिए आरक्षित भूमि गाटा संख्या 383 स्टेडियम के लिए निर्धारित की गई है। शासन से वित्तीय स्वीकृति मिलते ही स्टेडियम का निर्माण शुरू हो जायेगा।

1.710 हेक्टेयर भू भाग पर बनने वाले इस मिनी स्टेडियम के साथ ही बहुद्देशीय हाल, बाउंड्रीवॉल, गेट, सीसी व इंटरलॉकिंग मार्ग, पंप हाउस, कैंपस लाइट, कैटिल ट्रस, कैटिल ट्रफ्, रनिंग ट्रैक का निर्माण एवं मिट्टी भराई का कार्य किया जाएगा।

युवाओं में उत्साह है। गांव के आशीष शर्मा व सुशील शर्मा का कहना है कि इस क्षेत्र में एक भी स्टेडियम नहीं है। पारापहाड़पुर में स्टेडियम का निर्माण होने से क्षेत्र के युवाओं को अपनी खेल प्रतिभा निखारने और उन्हें खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का मौका मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *