फुटबॉल विश्वकप फाइनल के मद्देनजर केरलम समेत चार राज्यों में शैक्षिक संस्थानों में छुट्टी

3.0kViews
1252 Shares

फुटबॉल विश्वकप फाइनल का उत्साह भारत में भी नजर आ रहा है। केरलम, मिजोरम, मेघालय, मणिपुर में विश्वकप फाइनल के मद्देनजर सोमवार को स्कूलों और उच्च शिक्षण संस्थानों में छुट्टी की घोषणा की गई है। केरलम के सामान्य शिक्षा मंत्री एन. समसुद्दीन ने इंटरनेट मीडिया के जरिये स्कूलों में छुट्टी की घोषणा की।

मंत्री ने लिखा, फुटबॉल के शौकीन छात्रों की गुजारिश के मद्देनजर सामान्य शिक्षा विभाग ने सोमवार को विभाग के तहत आने वाले सभी स्कूलों में छुट्टी की घोषणा की है। राज्य के उच्च शिक्षा मंत्री रोजी जान ने भी सोमवार को कालेजों और प्रोफेशनल शिक्षण संस्थानों में छुट्टी की घोषणा की। उन्होंने कहा कि छुट्टी इसलिए घोषित की जा रही है ताकि छात्र उत्साह के साथ भारतीय समयानुसार रात 12:30 बजे होने वाले विश्वकप फाइनल का आनंद ले सकें।

केरलम के बिजली मंत्री सनी जोसेफ ने भरोसा दिलाया कि विश्वकप फाइनल के दौरान बिजली की कटौती नहीं होगी। वहीं विश्वकप फाइनल को लेकर उत्साह के मद्देनजर मिजोरम ने सोमवार को सभी स्कूलों, कालेजों और अन्य शिक्षण संस्थानों में छुट्टी की घोषणा की है, जबकि सरकारी दफ्तरों में आधे दिन की छुट्टी रहेगी ताकि लोग विश्वकप फाइनल देख सकें। बैंकिंग संस्थानों को छोड़कर, सरकारी दफ्तरों में आधे दिन की छुट्टी रहेगी। सरकारी दफ्तरों में दोपहर एक बजे से शाम पांच बजे तक काम होगा।

वहीं मेघालय के मुख्यमंत्री कानराड के. संगमा ने घोषणा की सोमवार को राज्य के सभी शिक्षण संस्थानों में छुट्टी रहेगी। राज्य में शिलांग के साथ-साथ जोवाई और तुरा में भी मैच की लाइव स्क्रीनिंग के लिए बनाए गए ‘सीएम फैन पार्कों’ को लोगों से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली है।

मणिपुर सरकार ने भी छात्रों को फीफा विश्वकप फाइनल देखने का मौका देने के लिए सोमवार को राज्य के सभी शिक्षण संस्थानों में छुट्टी की घोषणा की है। शिक्षा विभाग के आदेश में कहा गया है, मणिपुर के राज्यपाल के निर्देश के अनुसार सभी स्कूल, कालेज, उच्च शिक्षा संस्थान और विश्वविद्यालय 20 जुलाई को बंद रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *