केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के. राममोहन नायडू ने शुक्रवार को कहा कि सरकार अहमदाबाद में जून 2025 में हुए एअर इंडिया एआइ-171 विमान हादसे की जांच रिपोर्ट जल्द से जल्द जारी कराने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि हादसे की जांच अभी जारी है और विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) को सभी जरूरी संसाधन और सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है।
नायडू ने वडोदरा में गति शक्ति विश्वविद्यालय के चौथे दीक्षा समारोह में शामिल होने के बाद पत्रकारों से बातचीत में कहा कि जांच में जल्दबाजी नहीं की जा सकती, क्योंकि इससे सच्चाई तक पहुंचने की प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है। सरकार की प्राथमिकता हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाना है।
उन्होंने मृतकों के परिवार को भरोसा दिलाया कि न्याय तभी मिलेगा जब पूरी सच्चाई सामने आएगी। उन्होंने बताया कि एएआइबी पूरी तरह स्वतंत्र तरीके से जांच कर रहा है।
इससे पहले 14 जुलाई को एएआइबी ने सुप्रीम कोर्ट को बताया था कि जांच की ड्राफ्ट अंतिम रिपोर्ट अक्टूबर तक तैयार होने की उम्मीद है।
अंतरराष्ट्रीय उड़ानों से जुड़े हादसों की जांच शिकागो कन्वेंशन और अंतरराष्ट्रीय नागरिक उड्डयन संगठन (आइसीएओ) के नियमों के तहत की जाती है। 12 जून 2025 को हुए एआइ-171 विमान हादसे में 260 लोगों की मौत हुई थी, जिसमें 229 यात्री, 12 चालक दल सदस्य और जमीन पर मौजूद 19 लोग शामिल थे।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

