गोरखपुर AIIMS में भाई को नहीं मिला इलाज, बहन का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

1906 Shares

 एम्स में भर्ती एक रोगी को नौ घंटे तक उपचार न मिलने का मामला सामने आया है। इंटरनेट मीडिया पर एक वीडियो प्रसारित हो रहा है जिसमें एक लड़की आरोप लगा रही है कि उसके भाई को एम्स में नौ घंटे से उपचार नहीं मिल पाया है।

वह एम्स की व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर रही है। वीडियो इंस्टाग्राम में श्वेता राय के एकाउंट से पोस्ट किया गया है। दैनिक जागरण इस वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है।

एम्स प्रशासन ने आरोप को निराधार बताते हुए कहा है कि रोगी को तत्काल देखा गया, जनरल सर्जरी की टीम तत्काल पहुंची। उनकी तबीयत स्थिर की गई। सीटी स्कैन कराया गया।

एम्स प्रशासन के मुताबिक दुर्घटना में घायल दो युवक बुधवार की रात लगभग एक बजे पहुंचे। इनमें 23 वर्षीय सिद्धार्थ को सिर में चोट व 25 वर्षीय अंकित को पैर में चोट थी। अंकित का ऑपरेशन तत्काल कर दिया गया। सिर में चोट की वजह से सिद्धार्थ को रेफर करना पड़ा, क्योंकि न्यूरो सर्जरी वार्ड में बेड खाली नहीं थे।

एम्स से रात को रोगी रेफर नहीं किए जाते, इसलिए उन्हें सुबह हायर सेंटर के लिए रेफर किया गया। इसके बाद स्वजन रोगी को लेकर निजी अस्पताल चले गए।

एम्स के मीडिया प्रभारी डा. अरूप मोहंती ने बताया कि यह अफवाह है कि शाम को पांच बजे के बाद न्यूरो सर्जरी के रोगी नहीं देखे जा रहे हैं। हर रोगी को डाक्टर देख रहे हैं और समुचित उपचार किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *