झांसी में पुलिस मुठभेड़ दो बदमाश गिरफ्तार: पैर में गोली लगने से एक घायल, दूसरे ने किया सरेंडर

1226 Shares

बबीना थाना क्षेत्र में विदेश में नौकरी करने वाले परिवार के सूने मकान में चोरी करने वाले दो शातिर बदमाशों तक पुलिस आखिरकार पहुंच गई।

बुधवार देर रात बबीना पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम से हुई मुठभेड़ में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जबकि उसके साथी ने मौके पर ही सरेंडर कर दिया।

पुलिस ने दोनों के कब्जे से चोरी के सोने-चांदी व डायमंड के आभूषण, 3350 रुपये नकद, एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं।

सीओ (सदर) प्रिया सिंह ने बताया कि बुधवार रात लगभग 1:30 बजे मुखबिर से सूचना मिली थी कि चोरी की वारदात में शामिल दो बदमाश गोपालपुरा रोड स्थित खैलार नहर के किनारे मौजूद हैं।

बदमाशों ने पुलिस पर की फायरिंग

सूचना पर बबीना पुलिस और एसओजी टीम ने घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में धौलपुर (राजस्थान) के भासनीपुर निवासी कदीर खान (51) पुत्र गुलशेर के पैर में गोली लग गई।

वहीं, जालौन के उरई कोतवाली क्षेत्र के सूरनगर निवासी रियासत (50) पुत्र आलमोहम्मद ने मौके पर ही आत्मसमर्पण कर दिया। घायल कदीर खान को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।

2 जुलाई को चोरी की रिपोर्ट हुई दर्ज

पुलिस के मुताबिक, बबीना थाना क्षेत्र की शिव कॉलोनी स्थित आरा मशीन के पास रहने वाले अशोक कुमार वर्मा ने 2 जुलाई को चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि उनके साढ़ू बीके रतनम बहरीन में नौकरी करते हैं और वह उनके मकान की देखरेख करते हैं।

2 जुलाई को सफाई के लिए पहुँची नौकरानी ने मकान का मुख्य ताला टूटा देखा। सूचना मिलने पर अशोक मौके पर पहुंचे तो कमरे की अलमारी खुली मिली और उसमें रखे सोने-चांदी, डायमण्ड के आभूषण तथा 10 हजार रुपये नकद गायब थे।

काफी दिनों से चल रही थी तलाश

जांच में सामने आया कि नौकरानी 29 जून को अंतिम बार सफाई करने आई थी। ऐसे में पुलिस ने अनुमान लगाया कि चोरी 29 जून से 2 जुलाई के बीच हुई। सीओ प्रिया सिंह ने बताया कि जांच के दौरान दोनों आरोपियों की पहचान कर ली गई थी और तभी से उनकी तलाश की जा रही थी।

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने पहले मकान की रेकी की और परिवार के विदेश में होने का फायदा उठाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ सम्बन्धित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई प्रारम्भ कर दी है। मामले में फरार तीसरे आरोपी की तलाश जारी है।

विदेश में रहने वालों के सूने मकान बने निशाना

प्रारम्भिक जांच में पुलिस का मानना है कि आरोपी ऐसे मकानों को निशाना बनाते थे, जिनके मालिक लंबे समय से बाहर या विदेश में रहते हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि लंबे समय के लिए घर छोड़ने पर स्थानीय पुलिस और विश्वसनीय पड़ोसियों को इसकी जानकारी जरूर दें तथा घर की नियमित निगरानी की व्यवस्था रखें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *