सारण जिले के स्कूली विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, नवाचार और शोध की भावना विकसित करने के उद्देश्य से भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग की इंस्पायर अवार्ड्स-मानक योजना के तहत शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए ऑनलाइन नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है।
15 जुलाई से आरंभ हुई यह प्रक्रिया 15 सितंबर तक चलेगी। जिले के सभी सरकारी व निजी विद्यालय निर्धारित अवधि के भीतर अपने विद्यार्थियों के मौलिक और उपयोगी वैज्ञानिक विचारों का ऑनलाइन नामांकन कर सकेंगे।
छठी से 12वीं तक के विद्यार्थियों को मिलेगा अवसर:
योजना के तहत सभी मान्यता प्राप्त विद्यालयों में अध्ययनरत कक्षा छह से 12वीं तक के छात्र-छात्राएं भाग ले सकते हैं। इसका उद्देश्य ऐसे नवाचारी विचारों को सामने लाना है, जो दैनिक जीवन की समस्याओं का व्यावहारिक समाधान प्रस्तुत करते हों।
विद्यार्थियों को नई मशीन, उपयोगी उपकरण, गैजेट अथवा किसी तकनीकी नवाचार से जुड़ा मौलिक आइडिया प्रस्तुत करने के लिए प्रोत्साहित किया गया है।
दिशा-निर्देशों के अनुसार प्रत्येक विद्यालय अधिकतम पांच ऐसे आइडिया का चयन कर पोर्टल पर अपलोड कर सकेगा, जो तकनीकी रूप से व्यवहारिक होने के साथ समाज की किसी वास्तविक आवश्यकता को पूरा करने की क्षमता रखते हों। चयनित प्रविष्टियों का मूल्यांकन विशेषज्ञों द्वारा किया जाएगा।
150 शब्दों की सिनॉप्सिस और मॉडल का चित्र जरूरी:
नामांकन के दौरान विद्यार्थियों को अपने आइडिया का कम से कम 150 शब्दों में संक्षिप्त विवरण (सिनॉप्सिस) अपलोड करना होगा। इसके साथ अपने प्रस्तावित मॉडल या नवाचार का स्वयं बनाया गया एक पृष्ठ का चित्र भी पोर्टल पर अपलोड करना अनिवार्य होगा। इससे विशेषज्ञों को विद्यार्थियों के विचार और उसकी उपयोगिता समझने में आसानी होगी।
चयनित विद्यार्थियों को मिलेगा बड़ा मंच:
योजना के तहत चयनित छात्र-छात्राओं को जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित विज्ञान प्रदर्शनी एवं परियोजना प्रतियोगिताओं में भाग लेने का अवसर मिलेगा।
इसके अलावा देश के प्रमुख शैक्षणिक एवं अनुसंधान संस्थानों के विशेषज्ञ उनके आइडिया और प्रोटोटाइप को विकसित करने के लिए मार्गदर्शन भी देंगे। इससे विद्यार्थियों को अपने नवाचार को व्यवहारिक रूप देने का अवसर प्राप्त होगा।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

