बरसात में फिर डूबा 40 करोड़ का अंडरपास, रेलवे ने दोनों तरफ से किया बंद, राहगीर परेशान

9.7kViews
1007 Shares

करोड़ों की लागत से बना रेलवे अंडरपास फिर से तेज बरसात में तालाब बन गया। कई-कई फीट तक पानी भरने के कारण रेलवे ने एहतियात के तौर पर दोनों तरफ के गेट बंद कर दिए हैं, ताकि यहां से आवागमन के दौरान कोई हादसा न हो जाए।

वर्ष 2021 में जब यह चालू हुआ था तो पहली ही बरसात में इसमें एक राहगीर की डूबने से मौत हो गई थी। लोगों का कहना है कि जिस अंडरपास पर करीब 40 करोड़ रुपये खर्च हुए, वह हर बरसात में व्यर्थ हो जाता है।

हाल ही में हुई बरसात के बाद रेलवे अंडरपास में कई फीट तक पानी भर गया है। इससे आवागमन पूरी तरह ठप है। किसी अप्रिय घटना से बचने के लिए रेलवे ने गेट बंद कर दिए हैं।

ऐसे में लोगों को लंबा चक्कर लगाकर अपने गंतव्य तक पहुंचना पड़ रहा है। पहली ही बारिश में अंडरपास के जलमग्न होने के बाद इसके निर्माण पर सवाल उठने लगे थे। लोगों का कहना है कि तब से लेकर अब तक स्थायी समाधान की बजाय केवल औपचारिक मरम्मत होती रही है।

हाल ही कराई गई थी मरम्मत लेकिन…

हाल ही में रेलवे ने अंडरपास के सड़क की मरम्मत कराई थी, लेकिन जल निकासी व्यवस्था और अन्य जरूरी खामियों को दूर नहीं किया गया।

अंडरपास का शेड भी टूटा हुआ है, जिससे बारिश का पानी सीधे अंदर पहुंचता है और जलभराव की समस्या बढ़ जाती है। लगातार जलभराव से लोगों में रोष है।

उनका कहना है कि इतनी भारी भरकम राशि खर्च होने के बावजूद मानसून की शुरूआत में ही अंडरपास बंद करना पड़े तो निर्माण कार्य की गुणवत्ता और योजना पर गंभीर सवाल उठना स्वाभाविक है।

जल निकासी की स्थायी व्यवस्था अब तक क्यों नहीं बन सकी है। पहली दुर्घटना के बाद भी सबक क्यों नहीं लिया गया। बारिश में अंडरपास बंद होने से कई किलोमीटर अतिरिक्त सफर करना पड़ रहा है। करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद समस्या जस की तस है। अब स्थायी समाधान होना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *