ग्लोबल मंच पर भारत की धमक, भाजपा बोली- पीएम मोदी की तीन देशों की यात्रा से मिले रणनीतिक लाभ

1829 Shares

भाजपा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की तीन देशों की यात्रा को भारत के लिए रणनीतिक और आर्थिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इस दौरे से कई अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल हुई हैं।

पार्टी प्रवक्ता तुहिन सिन्हा ने कहा कि इंडोनेशिया के साथ प्रस्तावित ब्रह्मोस मिसाइल समझौता इस यात्रा की सबसे बड़ी उपलब्धि है। करीब 5,400 करोड़ रुपये के इस रक्षा सौदे के बाद इंडोनेशिया भारत से ब्रह्मोस मिसाइल खरीदने वाला तीसरा देश होगा।

प्रधानमंत्री अभी इंडोनेशिया, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के दौरे पर हैं। भाजपा ने कहा कि इंडोनेशिया और आस्ट्रेलिया के साथ महत्वपूर्ण खनिजों (क्रिटिकल मिनरल्स) पर सहयोग से भारत के सेमीकंडक्टर, इलेक्ट्रिक वाहन और नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्रों को मजबूती मिलेगी।

वहीं इंडोनेशिया के साबांग बंदरगाह के संयुक्त विकास से हिंद-प्रशांत क्षेत्र में भारत की रणनीतिक मौजूदगी और मजबूत होगी।

पार्टी ने आस्ट्रेलिया के साथ यूरेनियम आपूर्ति समझौते को भी अहम बताते हुए कहा कि इससे वर्ष 2047 तक 100 गीगावाट परमाणु ऊर्जा उत्पादन के लक्ष्य को गति मिलेगी।

भाजपा ने कहा कि इंडोनेशिया द्वारा 50 करोड़ डॉलर के निवेश की घोषणा भी भारत के बुनियादी ढांचे के विकास के लिए महत्वपूर्ण है।

साथ ही कांग्रेस की आलोचना को राजनीति से प्रेरित बताते हुए भाजपा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को मिले अंतरराष्ट्रीय सम्मान भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा और नेतृत्व का प्रतीक हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *