निकाह के भोज में ‘खस्सी’ की जगह ‘मुर्गा’ परोसने पर बवाल, सहरसा में खूब चले लाठी-डंडे; आधा दर्जन से अधिक घायल

9.4kViews
1133 Shares

महिषी प्रखंड के राजनपुर गांव में आयोजित एक निकाह समारोह उस समय विवाद में बदल गया, जब शादी के भोज में कथित तौर पर ‘खस्सी’ (मटन) की जगह ‘मुर्गा’ (चिकन) परोसने को लेकर बाराती और शराती आमने-सामने हो गए।

मामूली कहासुनी देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। दोनों पक्षों के बीच जमकर लात-घूंसे और लाठी-डंडे चले। मारपीट की इस घटना में दूल्हा पक्ष के सात से अधिक लोग घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज अनुमंडलीय अस्पताल सिमरी बख्तियारपुर में कराया गया।

शांतिपूर्ण माहौल में निकाह संपन्न

जानकारी के अनुसार, नगर परिषद सिमरी बख्तियारपुर के वार्ड संख्या-12 बलुआपार निवासी मो. अनवर के पुत्र मु. अब्दुल्ला उर्फ चांद का निकाह महिषी प्रखंड के राजनपुर निवासी मु. जाविद उर्फ मोटो की पुत्री के साथ तय था।

गुरुवार की दोपहर करीब तीन बजे निकाह की रस्में शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुईं। इसके बाद बारातियों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई।

बताया जाता है कि भोजन के दौरान दूल्हा पक्ष के लोगों ने यह आरोप लगाया कि उन्हें पहले खस्सी का मांस परोसने की बात कही गई थी, लेकिन भोजन में मुर्गा परोसा गया।

इसी बात को लेकर बारातियों ने आपत्ति जताई। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई और मामला मारपीट तक पहुंच गया।

लाठी-डंडों के साथ जमकर मारपीट

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ ही देर में दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। इस दौरान लाठी-डंडों के साथ जमकर मारपीट हुई, जिससे अफरातफरी मच गई। घटना में दूल्हा पक्ष के मु. आशिक, मु. इरफान, मु. हसन, मु. अब्बास, मु. जब्बार, मु. आतिफ तथा मु. महबूब सहित आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। सभी घायलों को स्वजनों की मदद से अनुमंडलीय अस्पताल सिमरी बख्तियारपुर पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज कराया गया।

लड़की पक्ष के लोगों ने अचानक हमला

घायल मु. इरफान, जो दूल्हे के चाचा हैं, ने आरोप लगाया कि भोजन को लेकर विवाद होने के बाद लड़की पक्ष के लोगों ने अचानक हमला कर दिया, जिससे कई बाराती घायल हो गए।

घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई है। लड़के पक्ष ने मामले में पुलिस से शिकायत करने की बात कही है। वहीं पुलिस का कहना है कि आवेदन मिलने के बाद मामले की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। हालांकि लड़की पक्ष से भी कुछ लोग घायल बताए जा रहे है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *