जम्मू में जन्माष्टमी पर संभलकर निकलें! 4 शोभायात्राओं के चलते बदलेंगे कई रूट, ट्रैफिक प्लान जारी

6.0kViews
1882 Shares

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर 3 सितंबर को जम्मू शहर और आसपास के क्षेत्रों में विभिन्न शोभायात्राएं निकाली जाएंगी। शोभायात्राओं के सुचारु संचालन और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने रूट और डायवर्जन प्लान जारी किया है।

इस दौरान कई मार्गों पर यातायात प्रतिबंध, डायवर्जन और अस्थायी रूप से वाहनों की आवाजाही रोकी जा सकती है। ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे यात्रा पर निकलने से पहले वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें।

दोपहर 3 बजे निकलेगी पहली शोभायात्रा

पहली शोभायात्रा दोपहर तीन बजे निकलेगी। यह शोभायात्रा गीता भवन, परेड ग्राउंड से शुरू होकर शालामार, इंदिरा चौक, हरि मार्केट, श्री रघुनाथ जी मंदिर, रघुनाथ मंदिर चौक, वीर मार्ग, रेजिडेंसी रोड, शहीदी चौक, राजेंद्र बाजार, कनक मंडी, सिटी चौक, पुराने अस्पताल रोड, पुरानी मंडी, लिंक रोड, जैन बाजार, चौक चबूतरा, पक्का डंगा, मोती बाजार और राज तिलक रोड से होते हुए गीत भवन और श्री रघुनाथ जी मंदिर पहुंचेगी।इस दौरान इंदिरा चौक-हरि मार्केट क्रासिंग से यातायात को जेपी चौक की ओर, डेनिस गेट से विवेकानंद चौक की ओर तथा डीसी कार्यालय से गुज्जर नगर पुल की ओर डायवर्ट किया जाएगा। शालामार रोड से आने वाले यातायात को इंदिरा चौक की ओर भेजा जाएगा। परेड क्रासिंग से यातायात को पीसीआर लेन, फ्लाईओवर की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

कनक मंडी से सिटी चौक जाने वाले वाहनों को शहीदी चौक से डीसी कार्यालय की ओर भेजा जाएगा। पक्का डंगा, पंजतीर्थी, पीर मिट्ठा और अन्य स्थानों पर भी जरूरत के अनुसार आंतरिक मार्गों से यातायात चलाया जाएगा।

शक्ति नगर से राजपुरा तक निकलेगी शोभायात्रा

वहीं, दूसरी शोभायात्रा शाम चार बजे शक्ति नगर स्थित गुरु गोरखनाथ गद्दी से शुरू होगी। यह कुलदेव स्थान राजा मंडलिक जी, गुढ़ा मोड़, पवन फ्रूट आइसक्रीम और राजपुरा स्थित माता काली मंदिर से होते हुए वापस मुख्य बाजार शक्ति नगर पहुंचेगी।

गुढ़ा मोड़ से यातायात को बख्शी नगर पुली की ओर डायवर्ट किया जाएगा। शक्ति नगर से काली माता मंदिर जाने वाले यातायात को वैकल्पिक मार्गों पर भेजा जाएगा। टोप पुली से राजपुरा चुंगी जाने वाले वाहनों को काली माता मंदिर की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

अंबफला और टाली मोड़ पर बदलेगा रूट

उधर, तीसरी शोभायात्रा शाम पांच बजे न्यू प्लाट मंदिर से टाली मोड़, विकास नगर, सरवाल और सरवाल शिव मंदिर होते हुए न्यू प्लाट स्थित श्री राधा कृष्ण मंदिर पहुंचेगी। अंबफला से न्यू प्लाट, टाली मोड़ की ओर जाने वाले वाहनों के लिए विशेष डायवर्जन रहेगा। शकुंतला की ओर से बनतालाब आने वाले वाहनों को रेहड़ी चौक से जग्गी दरबार की ओर भेजा जाएगा।

राम मंदिर से कंडोली मंदिर तक निकलेगी शोभायात्रा

इसी प्रकार चौथी शोभायात्रा दोपहर तीन बजे नगरोटा स्थित राम मंदिर, टोल पोस्ट से शुरू होकर मुख्य बाजार नगरोटा होते हुए कंडोली मंदिर तक जाएगी। इस शोभायात्रा के दौरान जमीनी स्थिति के अनुसार आवश्यक यातायात प्रतिबंध और डायवर्जन लागू किए जाएंगे।

ट्रैफिक पुलिस ने आम लोगों से शोभायात्राओं के निर्धारित मार्गों पर अनावश्यक आवाजाही से बचने और पुलिस का सहयोग करने की अपील की है। यातायात संबंधी सहायता के लिए ट्रैफिक कंट्रोल यूनिट (टीसीयू) जम्मू से 0191-2459048, 94191-47732 पर संपर्क किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *