तृणमूल कांग्रेस के पूर्व राज्यसभा सदस्य सुखेंदु शेखर राय ने श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के कोलकाता दौरे के दौरान सोमवार देर शाम उनसे शिष्टाचार मुलाकात की। यह मुलाकात ऐसे समय हुई है, जब पिछले महीने उन्होंने राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफे के साथ तृणमूल से भी त्यागपत्र दे दिया था।
राय अगस्त, 2024 में हुए बहुचर्चित आरजी कर कांड के बाद से ही तृणमूल सुप्रीमो व पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ मुखर रहे हैं। इन सबके बीच शाह से इस मुलाकात के बाद राजनीतिक हलकों में उनके भाजपा में शामिल होने या राज्यसभा चुनाव लड़ने की अटकलें तेज हो गई है।
24 जुलाई को होना है राज्यसभा के लिए मतदान
विधानसभा चुनाव में पार्टी की करारी हार व पार्टी में टूट के बीच हाल में तृणमूल कांग्रेस के तीन सांसदों के इस्तीफे के बाद बंगाल में राज्यसभा की खाली हुई तीन सीटों के लिए 24 जुलाई को चुनाव होना है। संयोग से सोमवार को ही चुनाव आयोग ने इन तीनों सीटों पर चुनाव कराने की घोषणा की है।
हालांकि सुखेंदु शेखर राय ने स्पष्ट किया कि यह केवल शिष्टाचार भेंट थी। मुलाकात के दौरान राय ने गृह मंत्री को कई ऐतिहासिक और दुर्लभ स्मृति चिन्ह व उपहार भी भेंट किए। इनमें 1905 के बंग-भंग आंदोलन के दौरान बनाई गई अवनींद्रनाथ ठाकुर की प्रसिद्ध ‘भारत माता’ की चित्रकला की प्रतिकृति, उनके पिता शिवेंदु शेखर राय के संग्रह में सुरक्षित डा श्यामा प्रसाद मुखर्जी का एक दुर्लभ चित्र, शिवेंदु शेखर राय से जुड़े ऐतिहासिक दस्तावेज तथा उनका एक छायाचित्र शामिल था।
राय ने शाह को ऐतिहासिक पत्र भी सौंपा
इसके अलावा राय ने शाह को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी द्वारा 5 अक्टूबर 1943 को उनके पिता शिवेंदु शेखर राय के नाम लिखा गया एक ऐतिहासिक पत्र भी सौंपा। इस पत्र में तत्कालीन बंगाल अकाल के दौरान राहत कार्यों में व्यस्तता, मालदा में एक कालेज की स्थापना की सिफारिश तथा उत्तर बंगाल का प्रस्तावित दौरा राहत कार्यों के कारण स्थगित करने का उल्लेख है।
इसे डॉ. मुखर्जी की जनसेवा, शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता और प्रशासनिक दायित्व का महत्वपूर्ण ऐतिहासिक दस्तावेज माना जाता है। सूत्रों के अनुसार, मुलाकात के दौरान सुखेंदु शेखर राय ने बंगाल में शांतिपूर्ण एवं हिंसामुक्त चुनाव कराने के लिए गृह मंत्री का आभार भी व्यक्त किया। हालांकि भाजपा ने इस मुलाकात के संबंध में आधिकारिक और पर कुछ कहने से इन्कार किया है।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

