बनैली नदी का पुल हुआ जर्जर; अब 15 किलोमीटर का अतिरिक्त सफर तय करना पड़ रहा

1670 Shares

भूतपुरी-जसपुर मार्ग पर बनैली नदी का पुराना पुल जर्जर होने के कारण करीब डेढ़ माह से यातायात के लिए बंद पड़ा है। लोक निर्माण विभाग ने शासन के निर्देश पर सुरक्षा की दृष्टि से पुल पर आवागमन रोक दिया था। इसके दोनों ओर दीवार खड़ी कर पुल को बंद का दिया गया है। लेकिन इसके बाद स्थानीय लोगों के साथ उत्तराखंड के जसपुर व काशीपुर से आने वाले लोगों को भी लगभग 15 किलोमीटर अतिरिक्त सफर तय करना पड़ रहा है।

भूतपुरी में बैनली नदी पर लगभग पांच दशक पुराना पुल बना हुआ है, अब इसके जर्जर होने के कारण इसे बंद कर दिया गया है। हालांकि इसके पास इसी वर्ष जनवरी माह में नए पुल का निर्माण शुरू हो गया है, लेकिन अभी यह शुरुआती दौर में है। क्षेत्र के लोगों के साथ-साथ उत्तराखंड आने-जाने वाले यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बनैली नदी का पुल से लोग भूतपुरी से सीधे जसपुर-काशीपुर की ओर जाते थे, जिससे दूरी कम पड़ती थी, लेकिन पुल बंद होने से भूतपुरी से अब जसपुर को जाने के लिए हरिद्वार-काशीपुर नेशनल हाईवे पर अफजलगढ़, रेहड़, रायपुरी बार्डर से होकर जाना पड़ता है, जिससे करीब 15 किलोमीटर का अतिरिक्त सफर तय करना पड़ रहा है। वहीं स्थानीय ग्रामीणों को भी करीब छह किलोमीटर अधिक दूरी तय कर माननगर से शाहपुर जमाल, महसनपुर होते हुए जसपुर मार्ग जाना पड़ता है।बस यात्रियों को हो रही है परेशानी
भूतपुरी-जसपुर व भूतपुरी-ठाकुरद्वारा मार्ग पर संचालित बसों का संचालन भी प्रभावित हुआ है। पुल के दूसरी ओर बसें खड़ी रहने के कारण यात्रियों को करीब एक किलोमीटर पैदल चलकर बसों तक पहुंचना पड़ रहा है। वह जर्जर पुल पैदल पार करते हैं, बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को सबसे अधिक परेशानी होती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *