श्रावणी मेला 2026: बांका में 20 KM कांवड़िया पथ पर अब तक नहीं बिछी बालू, कीचड़ से पैदल चलना हुआ मुश्किल
विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला 30 जुलाई से शुरू होना है। मेले की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन लगातार समीक्षा कर रहा है। डीएम अंशुल अग्रवाल ने सभी संबंधित विभागों को 25 जुलाई तक कांवड़िया पथ पर सभी व्यवस्थाएं पूरी करने का सख्त निर्देश दिया है।
इसके बावजूद बांका जिला के 54 किलोमीटर कांवड़िया पथ में कटोरिया और चांदन प्रखंड से गुजरने वाले करीब 20 किलोमीटर लंबे कांवरिया पथ पर अब तक बालू बिछाने का कार्य शुरू नहीं हो सका है। ऐसे में तय समय सीमा के भीतर कार्य पूरा करना संबंधित विभाग के लिए चुनौती बन गया है।
दुरबिनियां से गोड़ियारी नदी तक कांवरिया पथ पर बालू नहीं
जागरण टीम ने जब इसकी जमीन हकीकत की पड़ताल सोमवार को किया तो दुरबिनियां से गोड़ियारी नदी तक कांवरिया पथ पर बालू नहीं बिछी मिली। यहां हल्की बारिश के बाद पूरा रास्ता कीचड़मय हो गया है। इससे अजगैबीनाथ धाम से गंगाजल लेकर बाबा बैद्यनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
कांवड़ियों को नंगे पैर चलना पड़ता है, पर कीचड़ के कारण उन्हें फिसलने और चोटिल होने का डर बना हुआ है।
हजारों श्रद्धालु कांवड़ यात्रा पर निकल चुके
बांग्ला पंचांग के अनुसार सावन मास शुरू होते ही पश्चिम बंगाल सहित विभिन्न राज्यों के हजारों श्रद्धालु कांवड़ यात्रा पर निकल चुके हैं। कांवरियों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है, पर प्रशासनिक तैयारियां अब भी अधूरी नजर आ रही हैं।
हरकट्टा मोड़, यादवरायडीह, गोड़ियारी, हरखार, असम धर्मशाला समेत दर्जनों स्थानों पर बारिश के कारण रास्ते में कीचड़ जमा हो गया है। कटोरिया के कलुआ जंगल के आगे कुछ दूर तक बालू नहीं बिछाया गया है। वैसे सड़क किनारे बालू डंप है।
बालू का भंडारण कर लिया गया
स्थानीय लोगों का कहना है कि अभी तक बालू नहीं बिछाए जाने से प्रशासन की तैयारियों पर लोग अंगूली उठा रहे हैं। यदि जल्द बालू नहीं बिछाई गई तो कांवड़ियों की परेशानी और बढ़ जाएगी।
इधर, पथ निर्माण विभाग का कहना है कि कांवड़िया पथ के किनारे बालू का भंडारण कर लिया गया है। निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरे मार्ग पर बालू बिछाने का कार्य पूरा कर लिया जाएगा।
25 जुलाई तक श्रावणी मेला की सभी तैयारियां हर हाल में पूरी करने का निर्देश संबंधित विभागों को दिया गया है। कांवरिया पथ पर बालू बिछाने सहित सभी आवश्यक कार्य समय सीमा के भीतर पूरे किए जाएंगे। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। – अंशुल अग्रवाल , डीएम,बांका

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

