मध्य प्रदेश के सिवनी जिले में घरेलू विवाद ने खूनी रूप ले लिया। आदेगांव थाना क्षेत्र के ग्राम बोरिया में एक व्यक्ति ने चरित्र शंका और आपसी विवाद के चलते अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपित स्वयं थाने पहुंचा और पुलिस के सामने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर हत्या का मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
आदेगांव थाना प्रभारी आशीष धुर्वे ने बताया कि 2-3 जुलाई की दरमियानी रात करीब दो बजे ग्राम बोरिया निवासी 45 वर्षीय संतराम मरकाम ने अपनी पत्नी कमला बाई से देर रात घर आने-जाने और कामकाज को लेकर पूछताछ की। बातचीत के दौरान दोनों के बीच विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते हाथापाई शुरू हो गई।
आवेश में कुल्हाड़ी से किए कई वार
पुलिस के अनुसार, विवाद के दौरान संतराम ने आवेश में घर में रखी कुल्हाड़ी उठाई और पत्नी के सिर पर लगातार कई वार कर दिए। गंभीर चोटों और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण कमला बाई की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
वारदात के बाद खुद पहुंचा थाने
हत्या के बाद संतराम सीधे आदेगांव थाने पहुंचा और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी आशीष धुर्वे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा तैयार किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
आरोपित को जेल भेजा
पुलिस ने आरोपित के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया है। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी आशीष धुर्वे के नेतृत्व में एएसआई सौरभ शर्मा, रजनीकांत दुबे, प्रधान आरक्षक संतोष मर्सकोले तथा आरक्षक ओमप्रकाश धुर्वे, सरवन मरकाम और नेकसिंह उइके शामिल रहे।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

