पश्चिमी दिल्ली के कबाड़ गोदाम में लगी भीषण आग, दमकल की 11 गाड़ियों ने पाया काबू

2.1kViews
1416 Shares

 रणहोला थाना क्षेत्र के रणहोला गांव में नांगलोई-नजफगढ़ रोड स्थित एक कबाड़ भंडारण गोदाम में रविवार देर रात आग लग गई। टिन शेड के नीचे संचालित गोदाम में रखे ज्वलनशील कबाड़ के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) ने राहत अभियान को क्रमिक रूप से बढ़ाते हुए आग को मेक-4 श्रेणी में घोषित किया और कुल 11 दमकल वाहनों को मौके पर लगाया।

दिल्ली अग्निशमन सेवा के अनुसार, रात 10:22 बजे आग लगने की सूचना नियंत्रण कक्ष को मिली। शुरुआती चरण में एक वाटर टेंडर, तीन वाटर बाउजर, एक बूस्टर फायर टेंडर और एक त्वरित प्रतिक्रिया वाहन (क्यूआरवी) को घटनास्थल पर भेजा गया। आग लगातार फैलने पर रात 11 बजे अभियान का स्तर बढ़ाते हुए अतिरिक्त दमकल वाहन और वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर भेजा गया।

देर रात तक कूलिंग अभियान जारी रखा गया

करीब 11:55 बजे दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पा लिया। हालांकि, कबाड़ में आग दोबारा न भड़के, इसके लिए देर रात तक कूलिंग अभियान जारी रखा गया। आग से करीब 100 वर्ग गज क्षेत्र में बना टिन शेड आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गया। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं मिली।

अभियान के दौरान दमकल की 11 गाड़ियों में तीन वाटर टेंडर, चार वाटर बाउजर, दो बूस्टर फायर टेंडर, एक क्यूआरवी और एक मोटरसाइकिल पंप शामिल रहे। पूरे अभियान की निगरानी सहायक मंडल अधिकारी (एडीओ) अमन कुमार, स्टेशन अधिकारी नवीन ठाकरण और अन्य अधिकारियों ने की।

आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका

प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। दिल्ली अग्निशमन सेवा और संबंधित एजेंसियां आग लगने के कारणों की जांच कर रही हैं। साथ ही इस प्रकार के कबाड़ गोदाम के लिए बनाए गए मानक को पूरा किया जा रहा था या नहीं इसकी भी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *