MMMUT बीटेक प्रवेश: 853 सीटें भरीं, CS और IT छात्रों की पहली पसंद

1270 Shares

मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के बीटेक पाठ्यक्रम में प्रवेश को लेकर अभ्यर्थियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। विश्वविद्यालय में अब तक 1189 सीटों के सापेक्ष 853 अभ्यर्थियों ने प्रवेश ले लिया है। 201 अभ्यर्थियों ने अपनी सीट लाक कर दी है, जबकि 652 अभ्यर्थियों ने बेहतर विकल्प के लिए आवेदन किया है।

प्रवेश प्रकोष्ठ के स्नातक पाठ्यक्रम समन्वयक प्रो. विनोद कुमार मिश्रा ने बताया कि विभिन्न शाखाओं में विद्यार्थियों की अच्छी रुचि देखने को मिल रही है। कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग (सीएसई) में सबसे अधिक 185 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया है।

इसके अलावा इलेक्ट्रानिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग (ईसीई) में 164, सूचना प्रौद्योगिकी (आइटी) में 111, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग (ईई) में 101 और मैकेनिकल इंजीनियरिंग (एमई) में 100 अभ्यर्थियों ने प्रवेश प्राप्त किया है।

इसी प्रकार सिविल इंजीनियरिंग (सीई) में 97, ईसीई (आईओटी) में 50 और केमिकल इंजीनियरिंग में 45 विद्यार्थियों ने दाखिला लिया है। विश्वविद्यालय में प्रवेश के प्रति प्रदेश के बाहर के विद्यार्थियों का भी आकर्षण बढ़ा है। अन्य राज्यों के लिए निर्धारित 103 सीटों में से 56 पर प्रवेश हो चुका है।

प्रो. मिश्रा ने बताया कि प्रवेश प्रक्रिया पारदर्शी एवं सुचारु रूप से संचालित की जा रही है। अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए विश्वविद्यालय स्तर पर हेल्पडेस्क भी सक्रिय है। उन्होंने जानकारी दी कि दूसरे चरण की सीट आवंटन सूची सात जुलाई को जारी की जाएगी। 10 जुलाई तक सीट लाक करने का अवसर मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *