सीहोर में झमाझम बारिश के बीच गोवंश को उफनती नदी में हांका, Video वायरल; सोशल मीडिया पर फूटा लोगों का गुस्सा
मध्य प्रदेश के सीहोर जिले के भैरूंदा क्षेत्र स्थित छीपानेर गांव का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ लोग गोवंश को उफनती नर्मदा नदी के गहरे पानी की ओर हांकते और धकेलते हुए नजर आ रहे हैं। हालांकि, वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है और प्रशासन की ओर से भी फिलहाल इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
फसल बचाने गोवंश को नदी में हांका
स्थानीय स्तर पर दावा किया जा रहा है कि किसानों ने आवारा गोवंश से फसलों को बचाने के लिए ऐसा किया। ग्रामीणों के मुताबिक, बारिश के मौसम में बड़ी संख्या में मवेशी खुले में घूमते हुए नदी किनारे पहुंच जाते हैं और खेतों में घुसकर फसलों को नुकसान पहुंचाते हैं। ऐसे में कुछ किसान उन्हें नदी की ओर हांक देते हैं।
किसान बोले- बाद में लौट आते हैं गोवंश
ग्रामीणों का यह भी कहना है कि यह कोई नई परंपरा नहीं है, बल्कि वर्षों से ऐसा होता आ रहा है। उनका दावा है कि अधिकांश गोवंश मानसून खत्म होने के बाद दोबारा अपने क्षेत्रों में लौट आते हैं। हालांकि, वायरल वीडियो ने इस दावे पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सोशल मीडिया पर आक्रोश, कार्रवाई की मांग
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। कई लोगों ने इसे पशु क्रूरता करार देते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। स्थानीय धार्मिक और सामाजिक संगठनों ने भी घटना पर आपत्ति जताते हुए इसे आस्था और संवेदनशीलता से जुड़ा विषय बताया है।
लोगों ने जिला प्रशासन और पुलिस से वायरल वीडियो की निष्पक्ष जांच कराने, संबंधित लोगों की पहचान करने और पशु क्रूरता या अन्य कानूनों का उल्लंघन पाया जाए तो दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है।
मानसून ने सीहोर में बढ़ाई रफ्तार
इधर, जिले में शनिवार को मानसून पूरी तरह मेहरबान रहा। दिनभर हुई बारिश के चलते औसतन 1.50 इंच वर्षा दर्ज की गई, जिससे नदी-नाले उफान पर आ गए और कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई।
सबसे अधिक 2.05 इंच बारिश आष्टा क्षेत्र में दर्ज की गई। इसके अलावा जावर में 1.89 इंच, इछावर में 1.77 इंच, सीहोर में 1.69 इंच, बुधनी में 1.57 इंच, रेहटी में 1.52 इंच, भैरूंदा में 1.10 इंच और सबसे कम 0.83 इंच वर्षा श्यामपुर में रिकॉर्ड की गई।
एक महीने में 10.63 इंच बारिश, पिछले साल का रिकॉर्ड टूटा
एक जून से अब तक जिले में औसत 10.63 इंच बारिश दर्ज की जा चुकी है। कुल वर्षा के मामले में आष्टा 15.47 इंच के साथ सबसे आगे है। इसके बाद भैरूंदा में 14.01 इंच, इछावर में 12.40 इंच, जावर में 11.68 इंच, सीहोर में 9.01 इंच, रेहटी में 8.55 इंच, बुधनी में 8.38 इंच और श्यामपुर में 5.54 इंच बारिश रिकॉर्ड की गई है।
गौरतलब है कि पिछले वर्ष 4 जुलाई 2025 तक जिले में औसतन केवल 0.05 इंच वर्षा हुई थी, जबकि इस वर्ष इसी अवधि तक 10.63 इंच बारिश दर्ज हो चुकी है। आंकड़े बताते हैं कि इस बार मानसून ने जिले में पिछले साल की तुलना में कहीं अधिक मजबूत शुरुआत की है।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

