पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (PDP) की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ईरान के दिवंगत सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई को अंतिम श्रद्धांजलि देने के लिए ईरान जाएंगी। उन्हें ईरान की ओर से अंतिम संस्कार में शामिल होने का आधिकारिक निमंत्रण मिला है।
ईरान के इस्लामी गणराज्य के सर्वोच्च नेता कार्यालय के अंतर्राष्ट्रीय संबंध विभाग के निदेशक मोहसिन कुम्मी ने महबूबा मुफ्ती को भारत की विशिष्ट अतिथि के रूप में इस शोक समारोह में शामिल होने का औपचारिक निमंत्रण भेजा है।
महबूबा मुफ्ती ने कहा, ‘मेरे लिए यह एक बहुत बड़ा सम्मान और जीवन में एक बार मिलने वाला अवसर है। मैं सर्वोच्च नेता को अपनी अंतिम श्रद्धांजलि देने के लिए वहां जाऊंगी।’
28 फरवरी को हुआ था निधन, 3 से 6 जुलाई तक कार्यक्रम
निमंत्रण पत्र में बताया गया है कि ग्रैंड अयातुल्ला सैय्यद अली खामेनेई का निधन 28 फरवरी को हुआ था। इस्लामी गणराज्य के राष्ट्रीय शोक अवधि और प्रोटोकॉल के अनुसार, 3 से 6 जुलाई तक तेहरान में राजकीय अंतिम संस्कार समारोह आयोजित किया जाएगा।
पत्र में लिखा है, ‘इस्लामी गणराज्य ईरान और भारत गणराज्य के बीच गहरे ऐतिहासिक और रणनीतिक संबंधों को देखते हुए, मैं आपको भारतीय राष्ट्र की विशिष्ट अतिथि के रूप में इस शोक समारोह में आमंत्रित करना अपना सम्मान समझता हूं। आपकी उपस्थिति हमारे दो महान प्राचीन सभ्यताओं के बीच गहरी मित्रता और आपसी सम्मान का प्रमाण होगी।’
कार्यक्रम के अनुसार, 3 जुलाई को तेहरान के इमाम खुमैनी ग्रैंड मोसल्ला कॉम्प्लेक्स में नेता को अंतिम विदाई दी जाएगी। 4 जुलाई को शोक सभा होगी और 6 जुलाई को अंतिम संस्कार जुलूस निकाला जाएगा।


