हरियाणा पुलिस सिपाही भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा (पीएसटी) के दौरान पंचकूला में एक दुखद घटना सामने आई। दौड़ के दौरान एक अभ्यर्थी अचानक ट्रैक पर बेसुध होकर गिर पड़ा। मौके पर मौजूद मेडिकल टीम ने उसे तत्काल सेक्टर-6 स्थित नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान 27 वर्षीय कपिल के रूप में हुई है, जो महेंद्रगढ़ जिले के सैदापुर गांव का निवासी था। कपिल ने दौड़ का पहला राउंड पूरा कर लिया था, लेकिन दूसरे राउंड के दौरान अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और वह ट्रैक पर गिर पड़ा।
घटना के बाद भर्ती स्थल पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। अधिकारियों ने तुरंत मेडिकल सहायता उपलब्ध कराई, लेकिन अस्पताल पहुंचने तक उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
बताया जा रहा है कि कपिल अपने पीछे तीन साल की बेटी, गर्भवती पत्नी और अन्य परिजनों को छोड़ गया है। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस और प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक तौर पर मौत का कारण स्वास्थ्य संबंधी समस्या माना जा रहा है। हालांकि, मृत्यु के वास्तविक कारण का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।


