हिमाचल सरकार का बड़ा फैसला: 12वीं तक के विद्यार्थी बसों में कर सकेंगे फ्री यात्रा, 5 रुपये में डे-पास की भी सुविधा

 हिमाचल प्रदेश सरकार की राजीव गांधी स्वरोजगार स्टार्ट-अप योजना (फेज-4)के तहत विद्यार्थियों को बड़ी राहत दी गई है। जारी अधिसूचना के अनुसार 12वीं तक पढ़ने वाले सभी विद्यार्थियों को योजना के तहत संचालित बसों में निश्शुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी, जबकि 10+2 से ऊपर की कक्षाओं, कॉलेजों और अन्य उच्च शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों को पूरे दिन असीमित यात्रा के लिए केवल पांच रुपये का डे-पास मिलेगा। यह सुविधा योजना के तहत खरीदी जाने वाली 1000 बसों में ही मिलेगी।

यह डे-पास उसी दिन के लिए मान्य होगा, हालांकि रविवार और अन्य राजपत्रित अवकाशों पर यह सुविधा लागू नहीं होगी। लाभ लेने के लिए विद्यार्थियों को वैध पहचान पत्र दिखाना अनिवार्य होगा।

हिमबस कार्ड जारी होगा

सरकार ने महिलाओं को भी प्रत्येक यात्रा पर 50 प्रतिशत किराया छूट देने का निर्णय लिया है। वहीं, पात्र महिलाओं और विद्यार्थियों के लिए हिमबस कार्ड जारी किया जाएगा। इसके लिए बसों में आरएफआइडी आधारित इलेक्ट्रॉनिक टिकटिंग प्रणाली लगाई जाएगी, जिससे रियायती और निशुल्क यात्रा का डिजिटल सत्यापन हो सकेगा।

सरकार का मानना है कि इससे विद्यार्थियों की शिक्षा तक पहुंच आसान होगी और योजना के संचालन में पारदर्शिता भी सुनिश्चित होगी।

आवेदन के लिए शर्तें

राजीव गांधी स्वरोजगार स्टार्ट-अप योजना के लिए केवल हिमाचल के बोनाफाइड निवासी ही आवेदन कर सकेंगे। आवेदक की आयु 25 से 50 वर्ष के बीच होनी चाहिए। कम से कम तीन वर्ष पुराना हैवी ड्राइविंग लाइसेंस अनिवार्य होगा। रोजगार कार्यालय में पंजीकृत युवाओं को प्राथमिकता मिलेगी। चयन पारिवारिक वार्षिक आय के आधार पर होगा, समान आय होने पर ड्रा आफ लाट्स से चयन किया जाएगा।

लाभार्थी किसी बैंक या सरकारी विभाग का डिकाल्टर नहीं होना चाहिए। आरटीओ द्वारा आयोजित ड्राइविंग टेस्ट पास करना अनिवार्य होगा। बस में कम से कम 32 सीटें होना जरूरी है। वाहन की कीमत का 10 प्रतिशत अंशदान लाभार्थी को स्वयं करना होगा। इलेक्ट्रिक बस पर 50 प्रतिशत और डीजल बस पर 30 प्रतिशत सब्सिडी मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *