मीरगंज नगर स्थित हथुआ रेलवे स्टेशन पर एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की वर्षों पुरानी मांग अब आंदोलन का रूप ले चुकी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रतिदिन कई एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनें स्टेशन से गुजरती हैं, लेकिन किसी प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेन का ठहराव नहीं होने से यात्रियों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है।
वहीं, ट्रेनों के लगातार आवागमन के कारण हरखौली रेलवे फाटक बार-बार बंद रहने से नगर में दिनभर जाम की समस्या बनी रहती है।
धरना-प्रदर्शन कर बुलंद करेंगे मांग
इसी मांग को लेकर मीरगंज नागरिक अधिकार मंच ने छह जुलाई को सुबह सात बजे से 10 बजे तक हथुआ रेलवे स्टेशन परिसर में सांकेतिक एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन करने की घोषणा की है।
मंच के अध्यक्ष राजेश कुमार गुप्ता ने बताया कि आंदोलन की सूचना रेलवे प्रशासन और स्थानीय प्रशासन को दे दी गई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, हथुआ स्टेशन से प्रतिदिन कई प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनें गुजरती हैं, लेकिन इनमें से किसी का भी ठहराव नहीं है।
इनमें टाटानगर-थावे एक्सप्रेस (18181/18182), छपरा-आनंद विहार अमृत भारत एक्सप्रेस (15133/15134) तथा छपरा-अमृतसर एक्सप्रेस (15135/15136) शामिल हैं।
इन ट्रेनों के गुजरने के दौरान हरखौली रेलवे फाटक लंबे समय तक बंद रहता है, जिससे नगर की यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है।
स्टेशन पर प्रदर्शित समय-सारिणी के अनुसार सुबह 4:25 बजे से रात 9:10 बजे तक पैसेंजर ट्रेनों का लगातार परिचालन होता है।
समपार फाटक के कारण होती है समस्या
इसके अलावा एक्सप्रेस ट्रेनों के आवागमन के कारण भी फाटक बार-बार बंद होता है, जिससे मुख्य सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग जाती है और लोगों को जाम का सामना करना पड़ता है।
नगरवासियों का कहना है कि दिल्ली, मुंबई, अमृतसर समेत अन्य महानगरों की यात्रा के लिए उन्हें करीब 10 किलोमीटर दूर थावे जंक्शन या 20 किलोमीटर दूर सिवान जंक्शन जाना पड़ता है।
हथुआ से इन स्टेशनों तक पर्याप्त लोकल रेल सेवा उपलब्ध नहीं होने के कारण यात्रियों को बस या निजी वाहनों का सहारा लेना पड़ता है, जिससे समय और धन दोनों की अतिरिक्त लागत आती है।
मीरगंज नागरिक अधिकार मंच का कहना है कि यदि हथुआ रेलवे स्टेशन पर प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव शुरू कर दिया जाए तो मीरगंज, हथुआ और आसपास के करीब 200 गांवों के हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। मंच ने रेलवे से जनहित को देखते हुए इस मांग पर शीघ्र निर्णय लेने की अपील की है।


