नारनौल नगर परिषद के वार्ड पार्षद देवेंद्र कुमार ने नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी (ईओ) जोगेंद्र सिंह कालीरमना के खिलाफ धरना शुरू कर दिया है।
पार्षद का आरोप है कि उनके वार्ड में पिछले एक महीने से पर्याप्त सफाई कर्मचारी उपलब्ध नहीं कराए गए, जिसके कारण पूरे क्षेत्र की सफाई व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई है।
पार्षद देवेंद्र कुमार ने कहा कि उन्होंने पिछले एक महीने के दौरान कई बार नगर परिषद प्रशासन और ईओ जोगेंद्र सिंह कालीरमना से सफाई कर्मचारी उपलब्ध कराने की मांग की, लेकिन उनकी मांग पर कोई कार्रवाई नहीं की गई।
उन्होंने आरोप लगाया कि कर्मचारियों की कमी के कारण वार्ड में जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे हैं, नालियां समय पर साफ नहीं हो रही हैं और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मजबूर होकर मैं धरने पर बैठा
उन्होंने कहा कि जब जनता की मूलभूत समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है और बार-बार शिकायतों के बावजूद प्रशासन कोई कदम नहीं उठा रहा, तो उन्हें मजबूर होकर धरने पर बैठना पड़ा।
पार्षद ने चेतावनी दी कि जब तक उनके वार्ड में पर्याप्त सफाई कर्मचारी तैनात नहीं किए जाते और सफाई व्यवस्था सुचारु नहीं होती, तब तक उनका धरना जारी रहेगा।
धरने की सूचना मिलते ही नगर परिषद परिसर में लोगों की आवाजाही बढ़ गई। अब सभी की नजर नगर परिषद प्रशासन पर है कि वह इस मामले में क्या कदम उठाता है और पार्षद की मांगों का समाधान कब तक करता है।


