झारखंड में इन दिनों अपनी विशेषता और ऊंची कीमत के कारण चर्चा में रहने वाले मियांजाकी आम पर अब चोरों की भी नजर पड़ गई है। बड़कागांव के किसान प्रवीण कुमार के बगीचे से अज्ञात चोर रात के अंधेरे में मियांजाकी किस्म के पांच आम तोड़कर फरार हो गए। घटना के बाद किसान परेशान हैं और पूरे क्षेत्र में इसकी चर्चा हो रही है।
किसान प्रवीण कुमार ने बताया कि उन्होंने करीब एक वर्ष पहले पश्चिम बंगाल से 2,400 रुपये में मियांजाकी आम के दो पौधे खरीदे थे। लंबे इंतजार और देखभाल के बाद इस वर्ष पहली बार पेड़ों में फल आए थे। फल पकने का इंतजार किया जा रहा था, लेकिन उससे पहले ही चोर पांच आम तोड़कर ले गए। सुबह बगीचे में पहुंचने पर फल गायब मिले।
प्रवीण कुमार ने बताया कि मियांजाकी आम सामान्य किस्मों की तुलना में कई गुना अधिक मूल्यवान माना जाता है। इसका रंग गहरा लाल-बैंगनी होता है और स्वाद बेहद मीठा व सुगंधित बताया जाता है। जापान की इस प्रीमियम किस्म की देश-विदेश में काफी मांग है, जिसके कारण इसकी कीमत भी अन्य आमों की तुलना में काफी अधिक होती है।
हाल के दिनों में झारखंड में भी मियांजाकी आम की खेती को लेकर लोगों की दिलचस्पी बढ़ी है। कई किसान इसकी खेती का प्रयोग कर रहे हैं। ऐसे में बड़कागांव में हुई चोरी की यह घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गई है।


