कैफे में कार्यरत हिंदू युवती को दबंग मुस्लिम युवक ने छेड़छाड़ का विरोध करने पर अगवा करने की धमकी दी। उसने युवती को धमकी दी दरऊ के ग्राम प्रधान गफ्फार खान मेरे चाचा है और मेरा कोई कुछ नहीं बिगाड़ पाएगा।
गफ्फार खान हाल ही में बरेली में हुए दंगे में असलहा आपूर्ति के मामले में गिरफ्तारी के बाद जमानत पर बाहर आए है। पुलिस ने युवती की शिकायत पर मामले की गंभीरता को देखते हुए युवक के विरुद्ध प्राथमिकी पंजीकृत कर जांच प्रारंभ कर दी है।
अपशब्दों का प्रयोग
किच्छा निवासी युवती ने पुलिस से की शिकायत में कहा पिछले डेढ़-दो माह से आदिल खान पुत्र अकरम खान निवासी ग्राम दरऊ थाना किच्छा उसे डयूटी पर जाते समय रास्ते में जहां तहां घेर कर रोक उसके साथ छेड़छाड़ कर अनावश्यक रूप से परेशान कर रहा है।
विरोध करने पर उसके साथ अपशब्दों का प्रयोग कर जबरन बात करने का दबाव बनाता है। जबकि वह उसके साथ बात करने की इच्छुक नहीं है। उसके बावजूद वह उसे अपनी प्रेमिका बता कर बदनाम करने का प्रयास कर रहा है। उसकी इन हरकतों पर उसके द्वारा उसे कई बार समझाने का प्रयास किया गया, परंतु वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। वह लगातार उसको काल कर उसे उठा ले जाने की धमकी दे रहा है।
वह उसे धमकी दे रहा है कि उसका चाचा गफ्फार खान ग्राम प्रधान है और उसे किसी प्रकार का शासन प्रशासन का डर नहीं है। अगर उसने बात नहीं मानी तो अंजाम बुरा होगा। अगर उसने पुलिस से शिकायत की तो उसकी इज्जत उछाल दूंगा। उसकी इन हरकतों से वह मानसिक रूप से परेशान चल रही है। युवती के मुताबिक आदिल खान उसके साथ किसी भी अप्रिय घटना को अंजाम दे नुकसान पहुंचा सकता है।


