फेसबुक पर डील, टेस्ट ड्राइव में चोरी: 24 घंटे में जमुई पुलिस ने दबोचा स्कॉर्पियो चुराने वाला शातिर
जिले में सोशल मीडिया के जरिए ठगी का एक मामला सामने आया है। फेसबुक पर गाड़ी बेचने का विज्ञापन देखकर आए आरोपित टेस्ट ड्राइव के नाम पर स्कॉर्पियो लेकर रफू चक्कर हो गया। हालांकि, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के अंदर न सिर्फ आरोपित को गिरफ्तार कर लिया, बल्कि चोरी की गाड़ी को भी बरामद कर लिया।
चंद्रदीप थानाध्यक्ष दीनानाथ सिंह ने बताया कि 20 जुलाई को सिकंदरा थाना क्षेत्र के रान्हन निवासी दीपक कुमार ने अपनी स्कॉर्पियो बेचने के लिए फेसबुक पर विज्ञापन पोस्ट किया था। इसी दौरान अलीगंज निवासी नीतीश कुमार ने दीपक से संपर्क किया और गाड़ी खरीदने की इच्छा जताई।
आरोपित नीतीश, दीपक को झांसे में लेकर गाड़ी को अकेले जांच और टेस्ट ड्राइव के बहाने ले गया और फिर गाड़ी लेकर फरार हो गया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस हरकत में आई और जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल के निर्देश पर गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर छापेमारी कर आरोपित नीतीश कुमार को दबोच लिया। उसके पास से चोरी की गई सफेद रंग की स्कॉर्पियो जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर डब्लूबी38वी 8218 है, को भी बरामद कर लिया गया।
मामले में चंददीप थाना में कांड दर्ज किया गया है। पूछताछ में खुलासा हुआ कि गिरफ्तार आरोपित नीतीश कुमार शातिर अपराधी है। उसके खिलाफ पहले से ही झारखंड के बोकारो जिले के चास थाना में कांड दर्ज है। उस मामले में भी उसने इसी तरीके से वाहन चोरी की घटना को अंजाम दिया था।
पुलिस अब उसके आपराधिक इतिहास और अन्य मामलों में संलिप्तता की भी जांच कर रही है। इस कार्रवाई में पुनि. सह थानाध्यक्ष दीनानाथ सिंह, पुअनि. रश्मि प्रभा, पुअनि. विकाश कुमार चौरसिया और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

