ओडिशा को देश के प्रमुख सेमीकंडक्टर हब के रूप में विकसित करने की दिशा में राज्य सरकार ने कदम तेज कर दिए हैं। इलेक्ट्रॉनिक्स एवं आइटी मंत्री डॉ. मुकेश महालिग ने गुजरात के साणंद स्थित सीजी सेमी सेमीकंडक्टर फैसिलिटी का दौरा कर वहां विकसित हो रहे सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम की जानकारी ली।
दौरे के दौरान सेमीकंडक्टर उद्योग के लिए जरूरी सहायक उद्योग, कुशल मानव संसाधन, आपूर्ति श्रृंखला, कौशल विकास तथा उद्योग और सरकार के बीच बेहतर समन्वय जैसे विषयों पर चर्चा हुई। मंत्री ने कहा कि साणंद में विकसित हो रहे इकोसिस्टम के अनुभवों को ओडिशा की जरूरतों के अनुसार लागू किया जाएगा।
चिप पैकेजिंग प्रक्रिया का लिया जायजा
डॉ. महालिग ने केन्स सिलिकॉन सेमीकंडक्टर का भी दौरा किया। यहां उन्होंने परीक्षण से लेकर डाइसिंग, लेजर मार्किंग, प्लेटिंग और चिप पैकेजिंग तक की पूरी प्रक्रिया को देखा। इसके बाद माइक्रोन सेमीकंडक्टर का निरीक्षण कर व्यापक सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम के विकास पर अधिकारियों के साथ चर्चा की।
निवेश के साथ रोजगार के अवसर बढ़ेंगे
मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के नेतृत्व में ओडिशा सरकार उच्च प्रौद्योगिकी और भविष्य की जरूरतों से जुड़े उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। सेमीकंडक्टर क्षेत्र में निवेश आकर्षित करने के साथ युवाओं के लिए रोजगार और कौशल विकास के नए अवसर पैदा किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि यह पहल ओडिशा को देश के उभरते सेमीकंडक्टर उद्योग का मजबूत और प्रतिस्पर्धी केंद्र बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।दौरे के दौरान इलेक्ट्रॉनिक्स एवं आइटी विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव विशाल कुमार देव, ओपीटीसीएल के अध्यक्ष भास्कर ज्योति शर्मा, ओकाक के सीईओ डॉ. प्रदीप कुमार राउत, संयुक्त सचिव कौस्तुभ पाणी समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

