हिमांशु सिंह हत्याकांड में जिला प्रशासन का बड़ा एक्शन, Double Down Bar सील; बीजेपी नेता के घर छापेमारी

7.9kViews
1479 Shares
 बिष्टुपुर स्थित ‘डबल डाउन’ (डीडी) बार में हुई हिंसक वारदात और करणी सेना के युवा नेता हिमांशु सिंह की मौत के बाद जिला प्रशासन ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की है।
बढ़ते जनाक्रोश और विरोध-प्रदर्शन के बीच आबकारी विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर बार को पूरी तरह से सील कर दिया। वहीं, बार के मालिक और भाजपा नेता नीरज सिंह के मानगो स्थित आवास पर भी पुलिस ने छापेमारी की, हालांकि वह घर पर नहीं मिले।
पुलिस ने उनकी पत्नी से पूछताछ कर जानकारी जुटाई है। जानकारी के अनुसार, बीते 27 जून की रात डीडी बार में डांसर से कथित छेड़छाड़ का विरोध करने पर विवाद शुरू हुआ था।
आरोप है कि इस विवाद के बाद बार के बाहर हिमांशु सिंह और उनके साथी प्रत्यूष सिंह पर चापड़ और चाकू से जानलेवा हमला कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल हिमांशु सिंह की इलाज के दौरान मौत हो गई।
जबकि प्रत्यूष का इलाज अस्पताल में जारी है। इस जघन्य हत्याकांड के बाद शहर में भारी आक्रोश फैल गया। करणी सेना समेत विभिन्न संगठनों ने आरोपितों की तत्काल गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त राजीव रंजन ने पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं। जांच टीम बार के लाइसेंस, संचालन व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन, सीसीटीवी फुटेज और निर्धारित नियमों के अनुपालन की बारीकी से समीक्षा करेगी।
प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर बार प्रबंधन के खिलाफ आगे की कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस फरार आरोपियों और बार मालिक की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *