भोजपुर जिले के चरपोखरी थाना क्षेत्र के पड़रिया गांव स्थित खेत के आहर से बरामद अज्ञात युवती के शव की पहचान झारखंड के गोड्डा जिले की 19 वर्षीय अंजू कुमारी के रूप में हुई है। पहचान होने के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया।
मृतका के पिता ने प्रेम-प्रसंग में आरा बुलाकर गला काटकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए आरा निवासी सीटू यादव के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस आरोपित की तलाश में जुटी है।
26 जून को घर से निकली थी अंजू, फिर नहीं लौटी
पुलिस के अनुसार सोमवार को पड़रिया गांव के खेत में स्थित आहर से युवती का सड़ा-गला शव बरामद हुआ था। शव की स्थिति खराब होने के कारण उसे पोस्टमार्टम के लिए पटना भेजा गया।
मृतका के पिता गुलाबी मंडल ने बताया कि अंजू 26 जून की सुबह घर से निकली थी और वापस नहीं लौटी। काफी खोजबीन के बाद हनवारा थाने में गुमशुदगी की प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी।
इंस्टाग्राम पर हुई थी दोस्ती, प्रेमी पर हत्या का आरोप
परिजनों के अनुसार करीब दो महीने पहले इंस्टाग्राम के जरिए अंजू की पहचान आरा निवासी सीटू यादव से हुई थी। दोनों के बीच लगातार बातचीत होने लगी थी।
आरोप है कि युवक के बुलावे पर अंजू आरा पहुंची, जहां उसकी गला काटकर हत्या कर दी गई। मृतका के पिता ने चरपोखरी थाना में दर्ज प्राथमिकी में युवक को नामजद आरोपित बनाया है।
एफएसएल ने जुटाए साक्ष्य, मोबाइल की हो रही जांच
पुलिस ने घटनास्थल से मृतका का टूटा हुआ मोबाइल बरामद किया है। मामले की वैज्ञानिक जांच के लिए एफएसएल टीम ने घटनास्थल से कई साक्ष्य एकत्र किए हैं।
पुलिस मोबाइल की तकनीकी जांच और अन्य सबूतों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। आरोपित की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
परिवार में पसरा मातम, मां का रो-रोकर बुरा हाल
अंजू चार बहनों और एक भाई में तीसरे स्थान पर थी। परिवार में मां लीला देवी, बहनें पिंकी देवी, साजन देवी, अनोखा कुमारी और भाई निरंजन कुमार हैं।
घटना की सूचना मिलने के बाद पूरे परिवार में मातम पसरा है। मां समेत सभी परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


