बरसठी थाना क्षेत्र के सुखलालगंज बाजार में मंगलवार दोपहर उधार समोसा न देने के विवाद में पूनम नामक महिला दुकानदार पर खौलता तेल फेंक दिया गया। महिला गंभीर रूप से झुलस गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। एहतियातन बाजार में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
बाजार का रहने वाला अमीन उर्फ दत्तन उधार समोसा मांगने पहुंचा। उधार देने से मना करने पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि गुस्से में अमीन ने कड़ाही में खौल रहा तेल पूनम पर फेंक दिया। महिला ने बचने का प्रयास किया, जिससे तेल सीधे शरीर पर न गिरकर उनके दोनों पैरों पर व शरीर के कुछ हिस्से पर गिरा और वह झुलस गईं।
सूचना पर थानाध्यक्ष जय प्रकाश यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आरोपित अमीन उर्फ दत्तन को गिरफ्तार कर लिया। घायल महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। थानाध्यक्ष जय प्रकाश यादव ने बताया कि आरोपित के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।


