इंद्रप्रस्थ कॉलोनी में बिजली संकट गहराया, 33केवी लाइन फेल होने से पांच घंटे गुल रही बत्ती

1448 Shares

टीला मोड की इंद्रप्रस्थ कालोनी में 33केवी लाइन फेल होने के साथ ही जंपर भी फुंक गया। इससे यहां की करीब पांच घंटे बिजली गुल रही। बिन बिजली के यहां की करीब 15 हजार आबादी का घरों में रहना भी मुश्किल हो गया।

लोगों ने बताया कि भीषण गर्मी पड़ रही है। रात में बार-बार बिजली कटती है। दिन में भी कभी लो-वोल्टेज तो कभी ट्रिपिंग होती रहती है। अब स्थिति इतनी खराब हो गई है कि ओवरलोडिंग के कारण 33केवी लाइन ही फेल हो गई।

स्थानीय निवासी गौरव रावत ने बताया कि यहां बिजली ने बहुत ज्यादा परेशान कर रखा है। बच्चों व बुजुर्गों का घर में रहना भी मुश्किल हो रहा है।

लोग नहीं चला पा रहे एसी-पंखे

घरों के एसी, पंखे, कूलर नहीं चल पा रहे हैं। शिकायत करने पर अधिकारी जल्द आपूर्ति सामान्य होने का आश्वासन देते हैं। इसके बाद स्थिति जस की तस बनी रहती है।

स्थानीय निवासी महेंद्र पाल ने बताया कि शुक्रवार रात में भी चार से पांच घंटे बिजली कटी थी। उपखंड अधिकारी बृजमोहन दुबे ने बताया कि यहां की आपूर्ति को बेहतर बनाने के लिए कार्य किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *