मंडप में लाल जोड़ा पहन दूल्हे का इंतजार करती रह गई दुल्हन, नहीं आई बरात

5.9kViews
1388 Shares

 शहर के एक बैंक्वेट हाल में शनिवार को दुल्हन-दूल्हे का इंतजार करती रही। मगर दूल्हा पांच लाख रुपये व बुलेट न मिलने पर बरात लेकर नहीं आया। दुल्हन सुबह से शादी का जोड़ा पहनकर मंडप में बरात का इंतजार करती रही, जबकि रिश्तेदारों और मेहमानों को निराश होकर लौटना पड़ा।

मंडी कोतवाली क्षेत्र के एक मुहल्ले के निवासी व्यक्ति ने अपनी बेटी की शादी कांधला निवासी युवक से तय की थी। दुल्हन के पिता के अनुसार दुल्हा पक्ष निकाह से तीन दिन पहले तय दहेज का सामान ले गया था। आरोप है कि निकाह से ठीक पहले बुलेट मोटरसाइकिल और पांच लाख रुपये नकद की अतिरिक्त मांग की गई। स्वजन का कहना है कि फोन पर स्पष्ट कह दिया गया कि मांग पूरी होने पर ही बरात आएगी।

मांग पूरी नहीं होने पर दूल्हा और उसके परिजन शादी समारोह में नहीं पहुंचे। बारात नहीं आने से शादी की सभी तैयारियां धरी रह गईं और समारोह के लिए तैयार कराया गया भोजन भी बेकार हो गया। पीड़ित परिवार ने दहेज की अतिरिक्त मांग करने वाले आरोपितों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

मंडी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सतपाल सिंह भाटी ने बताया कि अभी तक इस मामले में कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। यदि तहरीर मिलती है तो उसकी जांच कर नियमानुसार आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *