रुड़की: मालखाने के अवैध हथियारों पर चला पुलिस का बुलडोजर, 63 तमंचे और चाकू कबाड़ में तब्दील

1937 Shares

कोतवाली पुलिस ने पिछले पांच वर्षों से लंबित और न्यायालय से निस्तारित हो चुके मुकदमों से संबंधित अवैध हथियारों को नष्ट करने की बड़ी कार्रवाई की है।

ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र शेट और पुलिस अधीक्षक ग्रामीण शेखर चंद्र सुयाल के निर्देश में कोतवाली परिसर में 63 तमंचों और चाकुओं पर बुलडोजर चलाकर उन्हें पूरी तरह नष्ट कर दिया गया।

पुलिस अधीक्षक ग्रामीण शेखर सुयाल ने बताया कि कोतवाली में लंबे समय से मालखाने में ऐसे हथियार जमा थे जिनका कोर्ट से फैसला आ चुका था।

नियमानुसार मुकदमों के निस्तारण के बाद इन हथियारों को नष्ट किया जाना अनिवार्य था। इसके लिए बकायदा वरिष्ठ अधिकारियों की एक कमेटी गठित की गई थी जिसकी देख-रेख में इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया।

शनिवार को ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र शेट और एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल की मौजूदगी में मालखाने से सभी 63 तमंचे और धारदार चाकू बाहर निकाले गए।

इसके बाद कोतवाली परिसर में ही इन हथियारों पर बुलडोजर चलाकर इन्हें पूरी तरह से तोड़कर कबाड़ में तब्दील कर दिया गया।

इस दौरान मंगलौर पुलिस क्षेत्र अधिकारी अभिनय चौधरी, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक भगवान महर समेत भारी संख्या में पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *