BPSC TRE-4 छात्रों पर लाठीचार्ज से भड़के अनंत सिंह, बोले- मारने का न‍ियम ठीक नहीं; न‍ीतीश और न‍िशांत का भी जिक्र

1900 Shares

बीपीएससी TRE-4 में एकल परीक्षा समेत अन्य मांगों को लेकर पटना में छात्रों के प्रदर्शन के दौरान हुए लाठीचार्ज की मोकामा से जदयू विधायक अनंत सिंह ने आलोचना की है।

बुधवार को पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात के बाद पत्रकारों से बातचीत में अनंत सिंह ने अपने खास अंदाज में कहा कि छात्रों की मांगें पूरी हों या नहीं, लेकिन जिस तरह से उन्हें पीटा गया, वह सही नहीं है।

अनंत सिंह ने कहा कि छात्रों की मांगों को सुनना चाहिए। इसके बाद उनकी मांगें माननी हैं या नहीं, इस पर सरकार और संबंधित अधिकारी निर्णय ले सकते हैं।

उन्होंने कहा, ‘मांग पूरी करें या नहीं, लेकिन जैसे मारते हैं, वह नियम ठीक नहीं है। उनकी मांगें सुनकर जो भी निर्णय हो, मालिक करे, लेकिन मारने का न‍ियम ठीक नहीं है।’

‘क्या केवल सीएम रहेंगे तभी मिलेंगे’

पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात को लेकर पूछे गए सवाल पर अनंत सिंह ने कहा, ‘क्या केवल सीएम रहेंगे तभी मिलेंगे, ऐसे नहीं मिलेंगे क्या।’

उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार से मुलाकात के लिए उनके मुख्यमंत्री पद पर होना जरूरी नहीं है। नीतीश कुमार की तारीफ करते हुए अनंत सिंह ने कहा, ‘नीतीश जी जैसा कोई न है, न होगा।

निशांत कुमार को बताया मुख्यमंत्री पद के लिए बेहतर

उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार की राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाने के लिए निशांत कुमार सबसे बेहतर हैं। अनंत सिंह ने कहा कि निशांत कुमार विरासत संभालने के लिए सबसे बेहतर हैं।

उन्होंने यहां तक कहा कि निशांत कुमार मुख्यमंत्री पद के लिए भी बेहतर हैं। लांकि, उपेंद्र कुशवाहा के विरासत संबंधी बयान पर अनंत सिंह ने सीधे तौर पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।

सवाल पूछे जाने पर उन्होंने अपने अंदाज में कहा, ‘हमको प्रधानमंत्री बनने का मन है, कौन बना देगा।’

उपेंद्र कुशवाहा के बयान के बाद तेज हुई थी सियासी चर्चा

बता दें कि राजगीर में राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) के कार्यक्रम के दौरान उपेंद्र कुशवाहा ने कहा था कि नीतीश कुमार की राजनीतिक विरासत के हकदार वही हैं। उनके इस बयान के बाद बिहार की राजनीति में विरासत को लेकर बयानबाजी तेज हो गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *