टीबी मरीजों के लिए वरदान बनेगा ‘खुशी Chatbot’, बस एक क्लिक में हर सवाल का मिलेगा जबाव

राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के तहत टीबी मुक्त भारत अभियान को और अधिक प्रभावी, जनसुलभ और तकनीक-सक्षम बनाने की दिशा में भारत सरकार ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। टीबी मुक्त भारत मोबाइल ऐप में अब कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित ‘खुशी चैटबॉट’ की सुविधा जोड़ी गई है।

यह डिजिटल सहायक टीबी मरीजों, उनके परिजनों तथा निक्षय मित्रों को टीबी से संबंधित जानकारी, परामर्श और आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराएगा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. तरुण पाठक ने बताया कि स्वास्थ्य सेवाओं में एआई तकनीक का उपयोग तेजी से बढ़ रहा है। इसी क्रम में विकसित किया गया ‘खुशी चैटबॉट’ मरीजों के लिए एक भरोसेमंद डिजिटल सहयोगी के रूप में कार्य करेगा।

उन्होंने कहा कि जिस प्रकार गुगल असिस्टेंट और अलेक्सा उपयोगकर्ताओं के सवालों के जवाब देते हैं, उसी तरह खुशी चैटबॉट भी टीबी से जुड़े प्रश्नों का उत्तर सरल, सहज और समझने योग्य भाषा में उपलब्ध कराएगा। उन्होंने बताया कि यह सुविधा मरीजों को सही, प्रमाणिक और समयबद्ध जानकारी प्रदान करेगी, जिससे वे उपचार के प्रति अधिक जागरूक होंगे और दवा सेवन में नियमितता बनाए रख सकेंगे। इससे टीबी उन्मूलन अभियान को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।

मरीजों को मिलेंगी कई महत्वपूर्ण सुविधाएं

जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. संतोष कुमार ने बताया कि टीबी मुक्त भारत ऐप में उपलब्ध एआई आधारित खुशी चैटबॉट के माध्यम से मरीजों को टीबी रोग, उसके लक्षण एवं बचाव संबंधी जानकारी, जांच एवं उपचार प्रक्रिया का मार्गदर्शन, दवाओं के सेवन और उपचार अवधि की जानकारी, संभावित दुष्प्रभावों से निपटने के सुझाव, उचित खान-पान एवं पोषण संबंधी सलाह तथा टीबी से जुड़े सामान्य प्रश्नों के त्वरित उत्तर प्राप्त होंगे।

इसके अलावा उपचार के दौरान आवश्यक परामर्श और सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि यह चैटबॉट 24 घंटे और सप्ताह के सातों दिन उपलब्ध रहेगा। इसके माध्यम से मरीजों को छोटी-छोटी जानकारियों के लिए बार-बार स्वास्थ्य केंद्रों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। उन्हें घर बैठे सही जानकारी और परामर्श मिल सकेगा, जिससे उपचार के प्रति उनका विश्वास और अनुपालन भी बढ़ेगा।

अधिकाधिक उपयोग करने की अपील

मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं जिला क्षय रोग अधिकारी ने जनपद के सभी निक्षय मित्रों, स्वास्थ्य कर्मियों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में टीबी मुक्त भारत ऐप डाउनलोड करें और खुशी चैटबॉट का उपयोग कर टीबी मरीजों तक सही एवं समयबद्ध जानकारी पहुंचाने में सहयोग करें।

उन्होंने कहा कि टीबी मुक्त भारत अभियान को सफल बनाने में तकनीक और जनभागीदारी दोनों की महत्वपूर्ण भूमिका है। एआई आधारित यह नई सुविधा टीबी के खिलाफ लड़ाई को और मजबूत बनाएगी। अब टीबी से जुड़े हर सवाल का जवाब,, बस एक क्लिक में।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *