बुआ के घर जा रहीं हापुड़ की सगी बहनों की मौत, गाजियाबाद के डासना फ्लाईओवर पर ट्रक ने कुचला

जनपद के गांव पटना मुरादपुर की दो किशोरियों की गाजियाबाद के वेव सिटी क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस के अनुसार अंशिका (17 वर्ष) और परी (15 वर्ष) सोमवार शाम करीब 6:30 बजे अपने बुआ के बेटे अजय के साथ मोटरसाइकिल से दिल्ली के नजफगढ़ जा रही थीं।

इसी दौरान डासना फ्लाईओवर के पास पीछे से आ रहे एक 22 टायर ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों किशोरियां गंभीर रूप से घायल हो गईं।

अंशिका 11वीं और परी 10वीं में पढ़ती थी

घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां रामा अस्पताल में चिकित्सकों ने अंशिका और परी को मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

स्वजन ने बताया कि अंशिका कक्षा 11 की छात्रा थी, जबकि परी कक्षा 10 में पढ़ाई कर रही थी। दोनों पढ़ाई में होनहार थीं और गर्मी की छुट्टियों में अपने परिजनों से मिलने जा रही थीं।

मृतक छात्राओं के पिता सनोद राजमिस्त्री का कार्य करते हैं। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दोनों किशोरियों की हादसे में मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *